छत्तीसगढ़ के कवर्धा से तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलटने ले 15 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 14 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं,वहीं हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब पिकअप वाहन तेज रफ्तार में मजदूरों को लेकर जंगल से वापस लौट रहा था। इस दौरान ढाल पर ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और वह पलट गई। इस हादसे पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई नेताओं ने दुख जताया है।
खाई में गिरी पिकअप, रेस्कयू जारी
हादसा कबीरधाम जिले के कूकदूर थाना क्षेत्र के बहापानी गांव में हुआ। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे जंगल से तेंदूपत्ता तोड़कर मजदूर पिकअप से वापस लौट रहे थे। पिकअप में 30 से ज्यादा मजदूर सवार थे। इसी दौरान रास्ते में अनियंत्रित होकर पिकअप 20 फिट गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे में 15 मजदूरों की दबकर मौत हो गई। वहीं 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चीख-पुकार सुन आसपास के गांव के लोग घटनास्थल पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना पास के पुलिस थाने को दी. सूचना मिलने पर पहुंची थाने की पुलिस ने आला अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर स्थानीय लोगों की मदद से मजदूरों को पिकअप के नीचे से निकालना शुरू किया।
डिप्टी सीएम शर्मा ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘कवर्धा में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलटने से 15 लोगों के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।’
