दिग्गज कारोबारी गौतम अडाणी ने एक बार फिर से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पछाड़कर एशिया के सबसे दौलतमंद शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स द्वारा जारी अमीरों की लिस्ट में गौतम अडाणी ने लंबी छलांग लगाते हुए मुकेश अंबानी पछाड़कर नंबर वन रईस के ताज पर कब्जा जमाया है। अडाणी की नेटवर्थ में शुक्रवार को 5.45 अरब डॉलर की तेजी आई और इसी साथ ही उनकी नेटवर्थ 111 अरब डॉलर पहुंच गई। जिसके बाद वह दुनिया भर के अमीरों की लिस्ट में 11वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं अगर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बात करें तो वो 109 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की सूची में 12वें और एशिया में दूसरे सबसे रईस व्यक्ति हैं।
गौतम अडाणी की नेटवर्थ 111 अरब डॉलर पार
ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने नेटवर्थ के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। पिछले कुछ दिनों में शेयर बाजार में लिस्टेड अडानी की कंपनियों के शेयरों में आए जोरदार उछाल की वजह से उनकी संपत्ति में जोरदार उछाल आया है और वह एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। अडाणी की संपत्ति में पिछले 24 घंटे में 5.45 अरब डॉलर या करीब 45,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। अडाणी ग्रुप के शेयरों में आई तेजी के चलते गौतम अडाणी की नेटवर्थ 111 अरब डॉलर पहुंच गई है। बता दें कि अडाणी साल 2024 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अरबपतियों में शुमार हैं। उनकी संपत्ति में 1 जनवरी 2024 से अब तक 26.8 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।इसी तरह अंबानी की संपत्ति में इस साल 12.7 अरब डॉलर का उछाल आया है।
बर्नार्ड अर्नाल्ट दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने
मंगलवार तक अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति थे। हाल ही में बर्नार्ड अर्नाल्ट को पछाड़ते हुए जेफ बेजोस ने दुनिया के सबसे अमीर शख्स का खिताब अपने नाम किया था। लेकिन रातों-रात उनका ये ताज छीन गया। पिछले 24 घंटे में अमीरों की सूची में बड़ा बदलाव हुआ है। एक बार फिर से बर्नार्ड अर्नाल्ट ने अपनी जगह वापस पा ली है। फिर से बर्नार्ड अर्नाल्ट दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।अर्नाल्ट की कुल संपत्ति 206 बिलियन अमेरिकी डॉलर है. जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 202 बिलियन है. फिलहाल बेजोस इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क अब 204 बिलियन की कुल संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं. अर्नाल्ट की कुल संपत्ति में 3.16 बिलियन की वृद्धि हुई. मस्क की कुल संपत्ति में 1.86 बिलियन की वृद्धि हुई. हालांकि, बेजोस की कुल संपत्ति में 2.57 बिलियन की गिरावट आई.
