देश में जारी लोकसभा चुनाव में वोट डालने का सिलसिला आज थम गया। 543 सीटों पर हजारों प्रत्याशियों के साथ-साथ देश में किसकी सरकार होगी ये EVM में कैद हो गया। वैसे तो लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को सामने आएंगे, लेकिन एग्जिट पोल्स में यह स्पष्ट अनुमान जताया गया है कि देश में एक बार फिर बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार सत्तासीन होने जा रही है और इंडी गठबंधन को तगड़ा झटका लगने वाला है। एग्जिट पोल्स की माने तो देश में मोदी मैजिक जारी रहेगा।
Exit Polls के अनुसार ऐसे रहेंगे 2024 लोकसभा चुनाव के नतीजे
दैनिक भास्कर के एक्जिट पोल के मुताबिक एनडीए को 353 से 368 सीटें, इंडिया गठबंधन को 145 से 201 सीटें और अन्य को 33 से 49 सीटें मिल सकती हैं।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में NDA को 361-401, INDIA को 131-166 और अन्य को 8-20 सीटें मिलने का अनुमान है।
न्यूज नेशन के एक्जिट पोल में अनुमान जताया गया है कि एनडीए को 342 से 378 सीटें, इंडिया गठबंधन को 153 से 169 सीटें और अन्य को 21 से 23 सीटों पर विजय मिल सकती हैं।
इंडिया न्यूज-पोलस्ट्रैट के एग्जिट पोल में एनडीए को 371 सीटें मिलने, INDIA को 125 सीटें मिलने और अन्य को 47 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
जन की बात के एक्जिट पोल के अनुसार एनडीए को 362 से 392 सीटें, इंडिया गठबंधन को 141 से 161 सीटें और अन्य को 10 से 20 सीटें मिल सकती हैं।
रिपब्लिक भारत चैनल के एग्जिट पोल में NDA को पूर्ण बहुमत मिला है। एनडीए को 359 सीटें मिलती दिखाई गई है, वहीं इंडी गठबंधन को 154 और अन्य को 30 सीटें मिली है।
एबीपी न्यूज-सीवोटर एग्जिट पोल में एनडीए को 353-383 सीटें, इंडिया गठबंधन को 152-182 सीटें और अन्य को 4-12 सीटें मिलने की संभावना है।
इंडिया टीवी के एग्जिट पोल ने भाजपा को चार सौ पार पहुंचाया
इंडिया टीवी-सीएनएक्स एग्जिट पोल का अनुमान है कि भाजपा को 371-401 सीटें मिलेंगी। इंडिया टीवी-सीएनएक्स के अनुसार, एनडीए आंध्र प्रदेश में जीत दर्ज कर सकती है। तेलंगाना में भी भाजपा आगे रहेगी। कर्नाटक में बीजेपी-जेडीएस गठबंधन आगे चल रहा है, लेकिन सीटें कम होने की संभावना है। भाजपा को 18-22, जेडीएस को 1-3 और कांग्रेस को 4-8 सीटें मिलेंगी। इस तरह एनडीए की सीटों की संख्या 20-24 हो सकती है।`
2019 में बीजेपी ने 303 सीटें जीती थीं, कांग्रेस 52 सीटों पर सिमटी
पिछले लोकसभा चुनाव में सन 2019 में बीजेपी ने 303 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को सिर्फ 52 सीटें मिल सकी थीं. वाईएसआर कांग्रेस ( YRSCP) और द्रमुक (DMK) ने 23-23 सीटें, तृणमूल कांग्रेस ने 22 और शिवसेना ने 18 सीटें जीती थीं। जनता दल यूनाईटेड (JDU) ने 16 सीटें, समाजवादी पार्टी ने 5 सीटें और बीएसपी ने 10 सीटें जीतने में सफलता हासिल की थी।
