उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी से लोग परेशान हैं मानसून का इंतजार कर रहे हैं लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक अभी राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन तक भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और गंगा के तटवर्ती पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड सहित कई उत्तरी और मध्य भारतीय राज्यों में 14 से 18 जून तक लू की स्थिति रहेगी। इन क्षेत्रों के निवासियों को गर्मी से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, भारत के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद नहीं है।
दिल्ली, यूपी में अभी और सताएगी गर्मी
मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश व बंगाल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिल्ली में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है, जिससे राजधानी में चल रही भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली से सटे यूपी में भी गर्मी से कोई राहत की उम्मीद नहीं है। यूपी में भी 5 दिन हीटवेव रहेगी. इसके अलावा भी कई राज्य मौसम के प्रकोप से जूझ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में फिलहाल 16 जून तक भीषण गर्मी रहेगी। झारखंड में गर्मी की वजह से स्कूलों में 15 जून तक छुट्टी दे दी गई है। पश्चिम बंगाल में स्कूल के समय में बदलाव करने का निर्देश दिया गया है।
मानसून की रफ्तार हुई धीमी
वहीं, अगर मानसून की बात करें तो देश के कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है और इस वक्त साउथ जोन में कई जगहो पर बरसात हो रही है। महाराष्ट्र और गुजरात के दक्षिणी हिस्सों में पहुंचने के बाद मानसून की गति धीमी हो गई है। अगर अगले 48 घंटे में मानसून आगे बढ़ने के लिए गति नहीं पकड़ता है, तो उत्तर भारत में इसके आगमन में पांच दिन से एक सप्ताह तक देरी हो सकती है। पश्चिमी राज्य मुंबई और गुजरात में भी मानसून फिलहाल दो दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अब तक हुई मानसून बारिश सामान्य से एक फीसदी कम रही है, जिससे आगे चलकर बारिश में और कमी के संकेत नजर आते हैं।
