विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Weather Update: गर्मी ने जून में तोड़े सारे रिकॉर्ड, उत्तर भारत में अगले चार दिनोंं में मॉनसून की होगी एंट्री

Heat Wave

उत्तर और पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली समेत यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश में तापमान 45 के पार है। मॉनसून में देरी की वजह से बारिश का इन्तजार भी लंबा होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसारअगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है। इसके बाद तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है। हालांकि, मध्य और पूर्वी भारत अगले तीन दिनों तक अधिक तापमान से जूझता रहेगा और उसके बाद कुछ राहत की उम्मीद है। वहीं पंजाब और हरियाणा में पिछले कई दिनों से जारी गर्मी में कोई कमी नहीं आई है और बठिंडा में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई राज्यों में पारा सामान्य से काफी ऊपर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर (5.1 डिग्री सेल्सियस या अधिक) रहा। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक था।  तपती गर्मी के साथ दिन के समय भीषण लू (Heatwave) भी चल रही है। रात में भी गर्म हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन के समय आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।

दिल्ली में अगले 24 घंटे में हो सकती हैं बारिश

चिलचिलाती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों के लिए गुड न्यूज दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार और बुधवार को चिलचिलाती गर्मी के साथ लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद 20 और 21 जून (गुरुवार और शुक्रवार) को राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि दो दिन बाद दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

18-20 जून तक उत्तर भारत में मॉनसून की हो सकती है एंट्री

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों में मॉनसून उत्तर भारत में प्रवेश कर सकता है। जिसके बाद 4-5 दिन में बिहार, यूपी हरियाणा में में एक्टिव होने के आसार हैं। बताया जा रहा है कि 18-20 जून तक मॉनसून की यूपी में एंट्री हो सकती है। इस दौरान रिमझिम फुहारों के साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं बिहार के लोग भी गर्मी से परेशान हैं। स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी के आसपास मानसून रुका है। ऐसे में दो से चार दिनों में बिहार की सीमा में मानसून प्रवेश करेगा। बिहार के कई जिलों में 20 जून (गुरुवार) तक बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी, ग्वालियर, सतना और छतरपुर में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है। एमपी के लोग बारिश के इंतजार में है। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश होगी। सोमवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हल्की बारिश हुई। वहीं, अब राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Mayank Dwivedi
Author: Mayank Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *