कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बलात्कार और हत्या की शिकार हुई महिला डॉक्टर के लिए न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है। न्याय के लिए सरकारी अस्पतालों में आंदोलनरत जूनियर डॉक्टरों ने रविवार को लगातार दसवें दिन भी काम बंद रखा, जिससे पूरे पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं। इस बीच डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ और अन्य लोगों के विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर सभी राज्यों से गृह मंत्रालय ने कानून व्यवस्था को लेकर हर दो घंटे में स्टेट्स रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
गृह मंत्रालय ने राज्यों से हर दो घंटे में मांगी रिपोर्ट
गृह मंत्रालय के नए आदेश के अनुसार, अब सभी राज्यों को अपने कानून व्यवस्था की जानकारी गृह मंत्रालय को हर 2 घंटे पर देनी होगी। राज्य पुलिस बलों को भेजे गए संदेश में कहा गया है कि विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर सभी राज्यों की कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी जानी चाहिए। गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में सभी राज्यों को कानून व्यवस्था की रिपोर्ट हर 2 घंटे में ईमेल, फैक्स या व्हाट्सएप के माध्यम से केंद्र को भेजनी होगी। गृह मंत्रालय ने राज्य पुलिस बलों को फैक्स और व्हाट्सऐप नंबर तथा ईमेल आईडी भी उपलब्ध कराई है, जिस पर हर दो घंटे में स्थिति रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बता दें कि कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी के चलते देश के विभिन्न हिस्सों में डॉक्टर और अन्य चिकित्सा कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके इस प्रदर्शन से सबसे ज्यादा स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हुए हैं। दरअसल, प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हिंसा की जांच के लिए एक केंद्रीय कानून बनाने के साथ अनिवार्य सुरक्षा और अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित करने पर जोर दे।
