हरियाणा में मैराथन मंथन के बाद कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनावों को लेकर अपने 31 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत 27 विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है। पानीपत जिले की इसराना सीट से विधायक बलबीर वाल्मीकि को टिकट नहीं दिया गया है, यहां पर पार्टी ने प्रत्याशी फैसला रोक लिया है। वहीं, ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से प्रत्याशी बनाया है। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान खुद होडल से प्रत्याशी होंगे।
केंद्रीय चुनाव समिति की 2 बार हुई बैठक
31 प्रत्याशियों वाली लिस्ट में 5 महिलाओं और 3 मुस्लिम चेहरों को टिकट दी गई है। कांग्रेस में प्रत्याशियों के नामों को लेकर दिल्ली में कई दिनों से कांग्रेस अलाकमान की बैठक चल रही थी। बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे के साथ राहुल गांधी, सोनिया गांधी और भूपेंद्र हुड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। हरियाणा में उम्मीदवारों के सिलेक्शन के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की 2 बार मीटिंग हो चुकी है। पहली मीटिंग 2 सितंबर को हुई थी। जिसमें 49 सीटों पर चर्चा हुई। जिसमें 34 उम्मीदवारों के नाम फाइनल हुए। इसके बाद 3 सितंबर को दूसरी मीटिंग हुई। जिसमें 34 सीटों पर चर्चा हुई।
कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में प्रदेश के 22 में से 6 जिलों के लिए एक भी उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया। इन जिलों में कैथल, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी और गुरुग्राम शामिल है। कैथल में 4, फतेहाबाद में 3, हिसार में 7, भिवानी में 4, चरखी-दादरी में 2 और गुरुग्राम जिले में 4 विधानसभा सीटें हैं। इन जिलों में 2019 में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।
