दिल्ली में नई सरकार के मंत्रिमंडल की तस्वीर साफ होती जा रही है। अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद, आतिशी को दिल्ली की मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। अब 21 सितंबर को उनकी कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार भी पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया गया है।
5 मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे
रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री आतिशी के साथ 5 मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इनमें से चार पुराने चेहरे हैं और एक नाम नया है। आतिशी के साथ जो AAP नेता मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं उनमें सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, गोपाल राय, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत के नाम शामिल हैं। मुकेश अहलावत पार्टी का दलित चेहरा हैं। आतिशी के नेतृत्व में यह कैबिनेट दिल्ली में महत्वपूर्ण बदलावों का संकेत देती है। सभी मंत्री विभिन्न विभागों में अपने अनुभव और जनता से जुड़े मुद्दों पर काम करेंगे, जिससे दिल्ली के विकास में तेजी आ सकती है।
दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी आतिशी
43 साल की आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित दिल्ली की सीएम रह चुकी हैं। आतिशी, मनीष सिसोदिया के शिक्षा मंत्री रहते हुए उनकी सलाहकार के रूप में काम कर चुकी हैं। बता दें कि AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 17 सितंबर (मंगलवार) को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पार्टी ने आतिशी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया और उन्होंने एलजी के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।
