बहराइच में हुई हिंसा के बाद अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। हिंसा के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद समेत 23 घरों अवैध अतिक्रमण का नोटिस चस्पा किया गया है। जिसमें 19 मुस्लिम के घर और चार हिंदू समुदाय के मकान शामिल हैं। सभी को तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है। नोटिस का जवाब न मिलने पर बुलडोजर कार्रवाई हो सकती है। यह वही जगह है जहां से मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसा की शुरुआत हुई थी। नोटिस जारी होने के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
तीन दिन के भीतर नोटिस का जवाब न मिलने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन द्वारा चस्पा किए गए नोटिस में लिखा है अगर ये निर्माण नियम के अनुसार है तो इसके कागजात डीएम ऑफिस में तीन दिन के अंदर दिखा दे नहीं तो अवैध निर्माण को पुलिस बल के साथ हटा दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनुपम कुमार ने हिंसा के आरोपी अब्दुल हमीद को भी नोटिस भेज दिया है। नोटिस में तीन दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। अधिशाषी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी समेत 23 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया है। अतिक्रमण होने के चलते सड़क पर अंधा मोड़ बनता जा रहा है, जिससे दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र बनता जा रहा है।
बहराइच हिंसा के मुख्य आरोपी समेत 23 घरों पर चलेगा बुल्डोर!
बहराइच गोली कांड के मुख्य आरोपियों की प्रॉपर्टी की जांच होगी। बहराइच हिंसा गोलीकांड में 6 नामजद और 4 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। इतना ही नहीं राम गोपाल की हत्या में मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के घर बुलडोजर चल सकता है। इसी घर में भगवा झंडा लहराने के दौरान राम गोपाल को गोली मारी गई थी।
मेरे बेटे को जैसे मारा वैसे आरोपियों को नहीं मारा गया- मृतक के पिता
बहराइच हिंसा में मारे गए राम गोपाल के पिता ने कहा कि हम सरकार की मदद से संतुष्ट हैं। लेकिन मेरे बेटे को जैसे मारा वैसे आरोपियों को नहीं मारा गया है। इधर, राम गोपाल की पत्नी रोली के बाद उसके पिता कैलाश मिश्रा ने वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा- पुलिस ने जो कार्रवाई की है, उससे संतुष्ट नहीं हूं। जैसे मेरा बेटा मारा गया, वैसे आरोपियों को मारा जाए। बता दें कि 13 अक्टूबर यानी रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा भड़की थी। शुक्रवार को पुलिस ने 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब तक कुल 89 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
