झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस, जेएमएम, आरजेडी और माकपा वाली इंडिया ब्लॉक ने अपना संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया। अपने घोषणापत्र में इंडिया गठबंधन ने सात बड़े वादे किए हैं। इंडिया ब्लॉक ने युवाओं, महिलाओं, ओबीसी वर्ग कल्याण मंत्रालय बनाने समेत कई अहम घोषणाएं की हैं। इंडिया गठबंधन की ओर से झारखंड में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्रालय बनाने का वादा किया है. इसके अलावा 1932 आधारित खतियान और प्रति व्यक्ति 7 किलोग्राम अनाज देने का वादा किया है। इंडिया गठबंधन ने कहा है कि अगर राज्य में उसकी वापसी होती है तो मैया सम्मान योजना के अंतर्गत 2500 रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी।
घोषणा पत्र में सात गारंटी का वादा
अलायंस ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान इलेक्शन मैनिफेस्टो की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस घोषणा पत्र में सात गारंटी दी गयी है। इस पीसी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खगड़े, झामुमो कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के साथ इंडिया ब्लॉक में शामिल अन्य दल के नेता भी मौजूद रहे। आइए जानते हैं इंडिया गठबंधन के घोषणापत्र के बड़े वादों के बारे में
- 1932 आधारित खतियान की गारंटी
- पिछड़ा वर्ग कल्याणा मंत्रालय बनाने की गारंटी
- 15 लाख तक पारिवारिक बीमा का ऐलान
- मइया सम्मान योजना का ऐलान
- सरना धर्म कोड लागू करने का ऐलान
- 10 लाख नौकरी का वादा
- महिलाओं को 2500 रुपए सम्मान राशि
खड़गे-सोरेन ने बीजेपी पर साधा निशाना
अपना घोषणा पत्र जारी करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन ने विपक्ष के षडयंत्रों का करारा जवाब दिया है। झारखंड में सरकार के खिलाफ कुचक्रों के बावजूद गठबंधन सरकार स्थिर रही, ये इस बात का स्पष्ट उदाहरण है। सीएम हेमंत सोरेन ने चुनाव की तारीखों की घोषणा को लेकर ईसीआई के फैसले पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के एक महीने का कार्यकाल अभी बाकी है, ऐसे में आखिर क्या विकट परिस्थिति आई जो जल्दी चुनाव का ऐलान किया गया?
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम जुमलेबाजी नहीं करते हैं. हमारी यूपीए की सरकार थी, तब भी मजदूरों के लिए नरेगा वादा किया और उसे निभाया। इससे हजारों को लोगों को लाभ मिला। इसके बाद हमने फूड सिक्योरिटी एक्ट लाया। लैंड एक्विजिशन, राइट टू एजुकेशन के वादे को पूरा किया।
