महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा के साथ ही 13 राज्यों की 48 विधानसभा सीटें के भी नतीजे आ रहे हैं। जिनमें भारतीय जनता पार्टी को 20 सीटों पर जीत मिल चुकी है। कांग्रेस को सात सीटों पर अपना कब्जा जमा चुकी है। इन 48 सीटों में से यूपी की 9 सीटों पर देशभर की निगाहें लगी हुई थीं। इसके अलावा वायनाड सीट के रिजल्ट को लेकर भी काफी उत्सुकता थी, जहां से प्रियंका गांधी वाड्रा ने बड़े अंतर की जीत हासिल की है। साथ ही राजस्थान में 7, पश्चिम बंगाल में 6, असम में 5, पंजाब और बिहार में 4-4 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी घोषित किए गए। कर्नाटक और केरल में 3-3 सीटों पर चुनाव हुए थे।
उपचुनाव में 14 राज्यों के 48 सीटों के नतीजे
- उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना पूरी हो चुकी है। यूपी की कानपुर की सीसामऊ और करहल सीट पर सपा ने जीत दर्ज की है। भाजपा ने गाजियाबाद, खैर, फूलपुर, कटेहरी, मझवां, कुंदरकी और मीरापुर सीट पर जीत दर्ज कर ली है।
- पश्चिम बंगाल की छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ। सभी सीटों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की। सिताई से संगीता रॉय, मदारीहाट से जयप्रकाश तोप्पो, नईहटी से सनत डे, हरोआ से शेख रबिउल इस्लाम, मेदनीपुर से सुजॉय हजरा और तालनदगरा से फाल्गुनी सिंहबाबू ने चुनाव जीता है।
- असम की पांच सीटों में से 3 सीटों ढोलाई, बेहाली और सामागुड़ी से बीजेपी ने जीत हासिल की जबकि सिदली से युनाईटेड पीपल फ्रंट जीती है और बोंगाईगांव से असम गण परिषद जीती है।
- बिहार की चार सीटों में से तरारी और रामगढ़ से बीजेपी, बेलागंज से जेडीयू और इमामगंज से हम पार्टी ने जीत हासिल की है।
- पंजाब की कुल चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ चुके हैं। तीन सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) और एक सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। कांग्रेस ने बरनाला विधानसभा सीट आप से छीन ली है। यहां से पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप सिंह ढिल्लों ने फतेह हासिल की है।
- राजस्थान की झुंझनूं, देवली उनियारा, रामगढ़, खींवसर, सलूंबर सीटों पर बीजेपी जीती है और दौसा सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। चौरासी विधानसभा सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी जीती है।
- कर्नाटक की तीन सीटों पर उपचुनाव में चन्नपटना, शिगगांव, संदूर सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
- मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों में से भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की। विजयपुर से कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा और बुधनी से भाजपा के रमाकांत भार्गव ने जीत हासिल की।
- गुजरात की वाव विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से सीट छीन ली है। यहां भाजपा के स्वरूप ठाकोर ने जीत दर्ज की।
- छत्तीसगढ़ की रायपुर दक्षिण सीट पर बीजेपी ने जीत का परचम लहराया है।
- उत्तराखंड में केदारनाथ सीट पर बीजेपी का कब्जा हुआ है।
- केरल की दो सीटों में से एक पर कांग्रेस और एक पर माकपा ने जीत दर्ज की।
- मेघालय की एक सीट पर हुए उपचुनाव में नेशनल पीपुल्स पार्टी ने सफलता प्राप्त की।
- सिक्किम की दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने कब्जा जमाया है।
