महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर गिनती जारी है। रुझानों के मुताबिक महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक प्रदर्शन करने जा रही है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में से 227 सीटें भाजपा गठबंधन के खाते में आ चुकी हैं। वहीं, कांग्रेस गठबंधन 55 सीटों पर सिमटती हुई दिख रही है। बीजेपी ने पिछले चुनाव में जहां उसने 105 सीटें जीती थीं। इस बार वह 149 सीटों पर चुनाव लड़ी और 130 से ज्यादा सीटों पर जीतती दिख रही है। वहीं, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 81 सीटों पर चुनाव लड़कर 55 सीटों पर जीत रही है।
देवेंद्र फडनवीस या एकनाथ शिंदे?
महायुति की दोनों पार्टियां मिलकर बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे में से किसी एक नाम तय होना है, तो बड़ा सवाल ये है कि वो कौन होगा? इस सवाल पर मुख्यमंत्री शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि तीनों पार्टी मिलकर तय करेंगी कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इससे पहले फडणवीस ने सोशल मीडिया पर लिखा था- एक हैं तो सेफ हैं। अगर सीएम पद के नामों की चर्चा करें तो बीजेपी की ओर से दो नाम आगे चल रहे हैं। इसमें देवेंद्र फड़णवीस जो पहले सीएम और डिप्टी सीएम के पद पर रह चुके हैं उनका नाम पर चर्चा हो रही है। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े का नाम भी तेजी से आगे आ रहा है। विनोद तावड़े का केंद्रीय नेताओं के साथ बेहतर रिलेशन रहे हैं। वहीं महायुति को इस मुकाम तक पहुंचाने में एकनाथ शिंदे की भूमिका का नकारा नहीं जा सकता है। अपने सौम्य व्यवहार और बेजोड़ नीतिगत फैसलों की बदौलत शिंदे ने महाराष्ट्र के वाटरों में अच्छी-खासी पैठ बनाई है।
नतीजों में बीजेपी का स्ट्राईक रेट सबसे बेहतर
मीडिया सूत्रों की माने तो देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री बनेंगे लेकिन फडनवीस के मुख्यमंत्री बनने के बाद एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम बनेंगे या केंद्र में जाएंगे? उनके नरेंद्र मोदी और अमित शाह से अच्छे संबंध बताए जाते हैं। मुख्यमंत्री कौन बनेगा इन सवालों के बीच एक तथ्य ये भी है कि फडणवीस ने राज्य में पार्टी की स्थिति को मजबूत किया और पहले ही मुख्यमंत्री पद पर एक बार बलिदान दे चुके हैं। भाजपा महायुति गठबंधन की मुख्य पार्टी है, लेकिन एनडीए के सभी सहयोगियों में उसका स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर है। इस लिहाज से फडणवीस मुख्यमंत्री के बेहतर दावेदार साबित हो सकते हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को सभी 288 सीटों पर एक साथ मतदान हुआ था। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। महाराष्ट्र में महायुति की बीजेपी ने 149, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 81 और अजित पवार की एनसीपी ने 59 प्रत्याशी उतारे हैं। जबकि महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस के 101, उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी के 95, एनसीपी-एसपी के 86 उम्मीदवार हैं। समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशी मैदान में हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने 14 उम्मीदवार उतारे हैं।
