अतुल सुभाष आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बंगलूरू पुलिस ने इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे अतुल सुभाष की पत्नी निकिता, उसकी मां और भाई तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के सूत्रों ने बताया कि निकिता सिंघानिया को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है। वहीं उनकी सास और साले को प्रयागराज से पकड़ा गया है। अतुल सुभाष मोदी की पत्नी निकिता सिंघानिया के साथ सास निशा सिंघानिया, साला अनुराग सिंघानिया तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बेंगलुरु पुलिस तीनों की कस्टडी लेकर उन्हें अपने साथ ले जा सकती है।
गुरुग्राम से गिरफ्तार हुई निकिता सिंघानिया
गिरफ्तारी के बाद तीनों को कोर्ट में पेशी के बाद बेंगलुरु पुलिस अपने साथ ले जाने की तैयारी कर रही है। DCP शिवाकुमार ने कहा- सास और साले को प्रयागराज से, जबकि पत्नी को गुरुग्राम से गिरफ्तार करके बेंगलुरु लाया गया। रविवार सुबह कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अतुल सुभाष के सुसाइड मामले की जांच के लिए बेंगलुरु पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। इनमें से एक टीम जौनपुर में थी और दूसरी टीम निकिता और उसके भाई-मां की तलाश कर रही थी।
अतुल के भाई की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
अतुल सुभाष के भाई बिकास कुमार की शिकायत पर बेंगलुरु के मारथली थाने में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इनमें पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा सिंघानिया, साले अनुराग सिंघानिया और चाचा ससुर सुशील सिंघानिया का नाम शामिल था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), धारा 3(5) का केस दर्ज किया था। एक दिन पहले ही इंजिनियर अतुल सुभाष सूइसाइड मामले में आरोपी पत्नी निकिता सिंघानिया और ससुराल के दूसरे सदस्यों ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए दाखिल पत्नी समेत सभी आरोपियों की अग्रिम जमानत की अर्जी पर मंगलवार या बुधवार को सुनवाई की संभावना है।
इससे पहले अतुल सुभाष (34) का शव नौ दिसंबर को दक्षिण-पूर्व बंगलूरू के मुन्नेकोलालु में उसके घर पर फंदे से लटका मिला था। उन्होंने वीडियो और नोट में आरोप लगाया था कि उससे अलग रह रही उसकी पत्नी और ससुराल वालों ने झूठे मामलों में फंसाकर और लगातार उत्पीड़न कर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया। इसी आधार पर मराठाहल्ली पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया और निकिता समेत तीन को गिरफ्तार किया है।
