दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 4 जनवरी 2025 को 29 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी की पहली लिस्ट में 29 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। बीजेपी की इस लिस्ट में केजरीवाल के खिलाफ पूर्व लोकसभा सांसद प्रवेश वर्मा को टिकट दिया गया है, जबकि भाजपा के दिग्गज नेता रमेश बिधूड़ी कालकाजी में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। सके अलावा 4 पूर्व मंत्री- कैलाश गहलोत, अरविंदर लवली, राजकुमार चौहान, राजकुमार आनंद पर भी पार्टी ने भरोसा जताया है। कैलाश गहलोत और राजकुमार आनंद वर्तमान में विधायक हैं, दोनों ही नेता आम आदमी पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए हैं। इसके अलावा बीजेपी के वर्तमान विधायक- जितेंद्र महाजन, अजय महावर, विजेंद्र गुप्ता और ओपी शर्मा को भी टिकट मिला है।
बीजेपी की पहली लिस्ट में इन प्रत्याशियों के नाम
बीजेपी की इस 29 प्रत्याशियों वाली लिस्ट में आदर्श नगर से राज कुमार भाटिया, बादली से दीपक चौधरी, रिठाला से कुलवंत राणा, नांगलोगई जाट से मनोज शौकीन, मंगोलपुरी (अजा) से राजकुमार चौहान, रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता, शालीमार बाग से रेखा गुप्ता, मॉडल टाउन से अशोक गोयल, करोल बाग (अजा) दुष्यंत कुमार गौतम, पटेल नगर से राज कुमार आनंद, राजौरी गार्डन से सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, जनकपुरी से आशीष सूद,बिजवासन से कैलाश गहलोत, नई दिल्ली से प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, जंगपुरा से सरदार तरविंदर सिंह मारवाह, मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय, आर के पुरम से अनिल शर्मा, महरौली से गजेंद्र यादव, छतरपुर से करतार सिंह तंवर, अंबेडकर नगर (अजा) से खुशीराम चुनार, कालकाजी से रमेश बिधूड़ी,बदरपुर से नारायण दत्त शर्मा, पटपड़गंज से रवीन्द्र सिंह नेगी, विश्वास नगर से ओम प्रकाश शर्मा, कृष्णा नगर से अनिल गोयल, गांधी नगर से सरदार अरविंदर सिंह लवली, सीमापुरी (अजा)से कुमारी रिंकू, रोहतास नगर से जितेंद्र महाजन और घोंडा से अजय महावर को मैदान में उतारा है।
आप और कांग्रेस की लिस्ट हो चुकी है जारी
दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने में कुछ ही महीने बचे हैं। चुनाव की तैयारियों में पार्टियां जुट गई हैं। आम आदमी पार्टी सभी 70 सीटों पर कैंडिडेट घोषित कर चुकी है। कांग्रेस ने भी अब तक तीन लिस्ट में 48 उम्मीदवार उतारे हैं। अब बीजेपी ने भी 29 उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया है। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। सूत्रों की मानें तो चुनाव आयोग जल्द ही दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर सकता है। चुनाव फरवरी की शुरुआत में हो सकते हैं। दिल्ली में पिछले 10 सालों से आम आदमी पार्टी की सरकार है। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं। बीजेपी का दावा है कि इस बार AAP को सत्ता से हटा वे सरकार बनाएंगे।
