दिल्ली में जल्द ही चुनाव होने हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किराड़ी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बजरंग शुक्ला के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने यूपी के प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ का जिक्र कर आम आदमी पार्टी की सरकार और अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या आप यमुना में स्नान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मैं और मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी गंगा में स्नान कर सकते हैं तो क्या आम आदमी पार्टी के लोग यमुना में स्नान कर सकते हैं?
दिल्ली की यमुना गंदे नाले में तब्दील हो गई है- CM योगी
दिल्ली के किरोड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा, ‘दिल्ली की यमुना गंदे नाले में तब्दील हो गई है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के पापों की कीमत मथुरा, वृंदावन के भक्तों और संतों को चुकानी पड़ रही है, जहां मां गंगा गंदे नाले में तब्दील हो जाती हैं। जब भी नमामि गंगे परियोजना के तहत मां यमुना के स्वच्छता की बात आई, अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी ने सहयोग नहीं किया। वे काम नहीं करना चाहते हैं, उनका एकमात्र काम सुबह-सुबह सोशल मीडिया पर ट्वीट करना और प्रेस के माध्यम से भ्रामक बयान देना है।’
दिल्ली में कूड़े का ढेर लगा हुआ है- CM योगी
सीएम योगी ने कहा कि एक वक्त था सुविधा के लिए लोग दिल्ली आते थे। मेट्रो देखने के लिए दिल्ली आते थे। सड़कें देखने के लिए दिल्ली आते थे, स्वास्थ्य सेवाएं देखने के लिए आते थे। आज नोएडा की सड़कों को देखो। दिल्ली में कूड़े का ढेर लगा हुआ है। सीवर सड़कों पर बह रहे हैं। दिल्ली की सड़कें बदहाल हैं। नोएडा की सड़कें देखिए। दिल्ली की सड़कों पर गड्ढे हैं। हमारे वाहन को भी उसी सड़क से आना पड़ा। दिल्ली की आर्थिक स्थिति काफी बदहाल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एनडीएमसी इलाके को छोड़ दें तो किसी भी महानगर से दिल्ली में पॉवर कट सबसे ज्यादा हैं। यूपी से तीन गुना ज्यादा दिल्ली में बिजली का पैसा लेते हैं लेकिन 24 घंटे बिजली नहीं देते।
‘आम आदमी पार्टी को झूठ बोलने की एटीएम मशीन’
सीएम योगी ने आम आदमी पार्टी को झूठ बोलने की एटीएम मशीन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में आप ने रोहिंग्या को बसाया। आप की बातों में अब दिल्ली के लोग नहीं आएंगे। अब लोग यूपी का विकास मॉडल देखना चाहते हैं। दिल्ली को अव्यवस्था और कूड़े का ढेर बना दिया गया है। 2020 के दंगों में आम आदमी पार्टी के पार्षदों की मिलीभगत पूरी तरह से उजागर हो गई। ये लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन्हें सत्ता में आने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का कायाकल्प बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है।
