बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी अब संयासी बन गई हैं। वह अब एक्ट्रेस नहीं, बल्कि अब किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर ममता नंद गिरि कहलाएंगी। उन्होंने शुक्रवार को प्रयागराज में संगम तट पर पिंडदान किया। उनका सिर्फ पट्टाभिषेक रह गया है। वहीं शाम छह बजे किन्नर अखाड़े में उनका पट्टाभिषेक कार्यक्रम होगा। इससे पहले ममता ने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महाराज, जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर स्वामी जय अम्बानंद गिरी के साथ मुलाकात भी की। इस मुलाकात की फोटोज भी सामने आई हैं। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक महामंडलेश्वर बनने को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद किन्नर अखाड़ा ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी देने का ऐलान किया।
साध्वी के रूप में महाकुंभ में शामिल हुईं ममता
90 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस रहीं ममता कुलकर्णी हाल ही में प्रयागराज महाकुंभ पहुंचीं। ममता साध्वी के रूप में महाकुंभ में शामिल हुईं। वह भगवा कपड़े पहनी दिखीं। उन्होंने गले में रुद्राक्ष की दो बड़ी माला पहन रखी थी। कंधे पर भगवा झोला भी टांग रखा था। महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ममता को लेकर अखिल भारतीय अखाड़े के अध्यक्ष रविंद्र पुरी के पास पहुंचीं। ममता और पुरी के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान किन्नर अखाड़े के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। फिर उनके महामंडलेश्वर बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। किन्नर अखाड़े ने ममता को महामंडलेश्वर बनाए जाने को लेकर पूरी गोपनीयता बरती है। शुक्रवार को उन्होंने संगम किनारे अपने हाथों से पिंडदान किया। इसके बाद खबर आई कि उन्होंने संन्यास की दीक्षा ले ली है। शाम 6 बजे होने वाले पट्टाभिषेक कार्यक्रम में ममता कुलकर्णी को चादरपोशी की रस्म अदा करके महामंडलेश्वर की पदवी दी।
24 साल बाद भारत वापस लौटी हैं ममता
एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी 24 साल बाद भारत वापस लौटी हैं। एक्ट्रेस को दिसंबर 2024 में मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया था। उन्हें सालों बाद भारत में देख सभी हैरान हो गए थे। तो वहीं एक्ट्रेस के फैंस के बीच खुशी थी। माना जा रहा था कि ममता कुलकर्णी, बॉलीवुड में वापसी या बिग बॉस 18 में एंट्री के लिए भारत आई हैं। हालांकि एक्ट्रेस ने इन सभी अफवाहों और कयासों को खारिज करते हुए बताया था कि वो महाकुंभ 2025 का हिस्सा बनने के लिए आई हैं। ममता कुंलकर्णी ने दिसंबर, 2024 में एख वीडियो शेयर कर बताया था कि वह 25 साल बाद भारत लौटी हैं। वह मुंबई में हैं। साल 2013 में हुए कुंभ मेले में वह शामिल हुई थीं और ठीक 12 साल बाद वह अब 2025 के महाकुभ के लिए वापस आई हैं। ‘क्रांतिवीर’, ‘करण अर्जुन’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘आंदोलन’ और ‘बाजी’ जैसी फिल्मों में नजर आईं एक्ट्रेस अब संयासी बन चुकी हैं।
