राजधानी दिल्ली में आयोजित 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी ने मराठी भाषा की जमकर तारीफ की। इस दौरान भारतीय सिनेमा को आकार देने में महाराष्ट्र और मुंबई की भूमिका पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “ये महाराष्ट्र और मुंबई ही है जिसने मराठी फिल्मों के साथ-साथ, हिंदी सिनेमा को ये ऊंची दी है। और इन दिनों तो, छावा की धूम मची हुई है।” पीएम मोदी ने इस बात पर जोर डाला कि कैसे कैसे छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित इस फिल्म को पूरे देश में सराहा गया है। उन्होंने शिवाजी सावंत के ऐतिहासिक उपन्यास ‘छावा’ के बारे में भी बात की, जिसने कई पाठकों को संभाजी महाराज की बहादुरी से परिचित कराया।
मराठी भाषा ने हमें बहुत समृद्ध साहित्य दिया है-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश में मराठी भाषा ने हमें बहुत समृद्ध साहित्य दिया है। अपनी आधुनिक सोच के कारण मराठी साहित्य ने विज्ञान कथाएं भी रची हैं। अतीत में महाराष्ट्र के लोगों ने आयुर्वेद, विज्ञान और तार्किक तर्क के क्षेत्र में अविश्वसनीय योगदान दिया है। महाराष्ट्र और मुंबई ने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ मराठी फिल्मों का दर्जा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं, पीएम की ओर से फिल्म को मिली सराहना पर आभार जताने के लिए विक्की ने इंस्टाग्राम का सहारा लिया. पीएम मोदी के एक क्लिप के साथ अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, “शब्दों से परे सम्मान! पीएम नरेंद्र मोदी आपका आभार।”
एक ऐतिहासिक सम्मान-मैडॉक फिल्म्स
मैडॉक फिल्म्स ने भी पीएम मोदी का आभार जताया. इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “एक ऐतिहासिक सम्मान! यह गर्व का एक बड़ा क्षण है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘छावा’ की सराहना की और छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान और विरासत का सम्मान किया, यह क्षण हमें कृतज्ञता से भर देता है। मैडॉक फिल्म्स, दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर, विक्की कौशल और फिल्म की पूरी टीम इस विशेष उल्लेख से अभिभूत है।”
“छावा” फिल्म 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई और दर्शकों से जबरदस्त सराहना प्राप्त की। इस फ़िल्म में विक्की कौशल के अलावा रश्मिका मंदाना, और अक्षय खन्ना ने काम किया है। लक्ष्मण उतेकर ने इस फ़िल्म का निर्देशन किया है। अब ये सुपरहिट होने की राह पर आगे बढ़ चुकी है. इसने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि अब तक ₹310.5 करोड़ से अधिक की वर्ल्डवाइड कमाई भी कर ली है। फिल्म की शानदार सफलता ने इसे एक महत्वपूर्ण सिनेमाई कृति बना दिया है, जो छत्रपति संभाजी महाराज की वीरता और उनके अदम्य साहस को पूरे देश में प्रभावी रूप से प्रस्तुत करती है।
