दिल्ली में रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद बारी नेता प्रतिपक्ष की थी, जिसके लिए आम आदमी पार्टी की विधायक दल की बैठक में आतिशी सिंह के नाम पर मुहर लगी। इस बैठक में अरविंद केजरीवाल, आतिशी सिंह, गोपाल राय भी मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी के सभी विधायक इस बैठक में शामिल हुए। पार्टी के भीतर मजबूत महिला चेहरा होने के नाते बैठक में आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा गया। दिल्ली विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है।
सीएम और नेता प्रतिपक्ष दोनों ही महिलाएं
आतिशी के दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता चुने जाने के बाद दिल्ली विधानसभा में पहली बार सीएम और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में महिलाएं होंगी। आतिशी कालका जी सीट से विधायक हैं। विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज जैसे पार्टी के बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा था लेकिन आतिशी कालका जी से अपनी सीट बचाने में कामयाब रही थीं। पिछली AAP सरकार में उन्होंने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला था। बतौर मुख्यमंत्री आतिशी के कामकाज के चलते पार्टी के भीतर भी उनका कद बढ़ा है।
24-27 फरवरी तक चलेगा दिल्ली विधानसभा का सत्र
दिल्ली विधानसभा का सत्र 24 फरवरी को सुबह 11 बजे शुरू होगा। 24 फरवरी को नए चुनकर आए विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। उसके बाद दोपहर में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। 25 फरवरी को LG का अभिभाषण और लंबित CAG रिपोर्ट को सदन में रखा जाएगा। दिल्ली विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 27 फरवरी को उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और उसके बाद विधानसभा के उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।
