विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Chamoli Rescue Operation: 55 में से 47 मजदूर किए गए रेस्क्यू, कई टीमें लगातार राहत-बचाव कार्य में जुटी

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते भू स्खलन और हिम स्खलन से जमकर तबाही हुई है। चमोली के माणा गांव में हिमस्खलन की चपेट में आए 55 में से 47 मजूदरों को रेस्क्यू कर लिया गया है। अब 8 मजूदर लापता बताए जा रहे हैं। बता दें कि पहले 57 मजदूरों के मौके पर होने की बात सामने आई थी। लेकिन बाद में सरकार की तरफ से स्थिति स्पष्ट की गई कि दो मजदूर छुट्टी पर गए थे। वहीं शनिवार सुबह 14 अन्य लोगों को भी बचाया गया है, जिनमें एक की हालत गंभीर है। राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है। लापता मजदूरों की तलाश के लिए शनिवार सुबह 7.30 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। दरअसल शुक्रवार शाम 6 बजे अंधेरा होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था।

सीएम पल-पल ले रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का अपडेट

इस बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह देहरादून से फोन पर रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। सीएम ने आज सुबह फोन पर राहत एवं बचाव अभियान की विस्तृत जानकारी ली।मौसम साफ होते ही सीएम धामी आज जोशीमठ जाकर स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। सीएम धामी ने जिन श्रमिकों को कल बाहर निकाल लिया गया था उनमें से गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर भेजने के लिए एयरलिफ़्ट करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। सीएम ने कहा कि मौसम खुलने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई गई है। जोशीमठ में मौसम साफ होते ही आज सुबह हेली से रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। हालांकि आज भी प्रदेशभर में मौसम खराब है और मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

मजदूरों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

इससे पहले शुक्रवार को भारी बर्फबारी की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी रुकावट देखी गई। मज़दूरों को बर्फ से बाहर निकालने के लिए जोशीमठ से हवाई मार्ग के जरिये SDRF की टीमें भेजी गईं। घटना स्थल से 30 किलोमीटर सड़क पर बर्फ जमी होने की वजह से वहां पहुंचने में रेस्क्यू टीम को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदेश के आपदा प्रबंधन और पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने इस बात को माना कि बचाव काम चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि हिमस्खलन स्थल के पास करीब सात फुट तक बर्फ जमी हुई है। हालांकि, उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में 65 से अधिक कर्मचारी लगे हुए हैं। शासन ने चमोली माणा ग्लेशियर हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जानकारी के लिए मोबाइल नंबर – 8218867005, 9058441404 और 0135 2664315 पर फोन कर सकते हैं। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर- 1070 भी जारी किया गया है।

 

Mayank Dwivedi
Author: Mayank Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *