पूरे देश में होली के रंगो में सराबोर है। पूरब से लेकर पश्चिम तक होली का त्योहार बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। कहीं लोग रंग,अबीर और गुलाल के साथ होली मना रहे हैं तो कहीं लोग होली के गानों पर लोग जमकर थिरकते देखे जा सकते हैं। आम हो या फिर खास हर कोई अबीर-गुलाल के इस त्योहार में शामिल होकर खुश हो जाता है। भारत जितनी विविधताओं का देश है, उतनी ही अनूठी है यहां की संस्कृति और परंपराएं। पूर देश में लोग अपने-अपने तरीकों से होली को पूरे धूम-धड़ाके के साथ मना रहे हैं। हर जगह उल्लास का माहौल है, जहां लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर गले मिल रहे हैं और मिठाइयों का स्वाद ले रहे हैं।
CM Yogi ने गोरखपुर में जमकर खेली होली
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने गोरखपुर में होली मनाई। इस दौरान फूलों और गुलाल के साथ उन्होंने होली खेली। सीएम योगी का अलग ही अंदाज देखने को मिला। यहां वे भगवान नरसिंह जी की शोभायात्रा में शामिल हुए और भगवान नरसिंह की आरती उतारी। लोगों के बीच जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए. रंगों के त्यौहार पर सीएम योगी पूरे मस्ती के मूड में नजर आए। जो भी दिखा उसके ऊपर गुलाब की पंखुड़ियां, लाल-पीले, हरे गुलाल फेंके।
इसके साथ ही उन्होंने सनातन धर्म, एकता और विजय का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि होली समेत सभी सनातनी पर्वों का एक ही संदेश है, “सत्यमेव जयते”. सत्य की हमेशा जीत होती है, भले ही थोड़ा इंतजार करना पड़े। सत्य को कोई झुका नहीं सकता, झुठला नहीं सकता और समाप्त नहीं कर सकता।
होली का है एक संदेश- ‘एकता से ही अखंड रहेगा देश’
रंग, उमंग, उत्साह वाली होली
समता, समरसता, सौहार्द वाली होली
असत्य पर सत्य की विजय की होलीप्रदेश वासियों को ‘रंगोत्सव’ की पुनश्च शुभकामनाएं! pic.twitter.com/Yqzb5hdBWM
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 14, 2025
जहां धर्म होगा, वहीं विजय होगी- CM Yogi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे का भी सन्देश दिया. उन्होंने कहा कि एकता से ही देश आगे बढ़ेगा. एकता से ही देश अखंड रहेगा। भारत को विकसित देश बनाना है तो एक रहना जरूरी है. उन्होंने कहा कि होली मतभेद दूर करने का पर्व है। उन्होंने कहा कि सत्य का मार्ग ही धर्म का मार्ग है। अस्थायी विजय शॉर्टकट से नहीं मिल सकती और अवसरवादिता महान नहीं बना सकती। भगवान नरसिंह जी का अवतार धर्म की विजय, न्याय की स्थापना और सज्जनों के कल्याण का प्रतीक है। उनकी कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है। उन्होंने आगे कहा कि सनातन धर्म का उद्घोष है – ‘यतो धर्मस्ततो जय’ यानी जहां धर्म होगा, वहीं विजय होगी, जहां धर्म होगा, वहीं सत्य होगा।
सनातन धर्म का एक ही उद्घोष है- यतो धर्मस्ततो जय: pic.twitter.com/Tk6Ad7BvG9
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 14, 2025
एकता से ही भारत अखंड रहेगा-सीएम योगी
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एकता से ही भारत अखंड रहेगा। महाकुंभ ने जो सीख दिया वह आज होली में भी लेनी चाहिए। महाकुंभ ने यह दिखा दिया कि देश के भीतर कोई छुआछूत का भाव नहीं है। एक ही घाट पर छोटे-बड़े और हर जाति- धर्म के लोगों ने स्नान किया। इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली सुबह गोरखनाथ मंदिर में अपने दिनचर्या के क्रम में पशु पक्षियों से प्रेम करते नजर आए। उन्होंने गाय को गुड़-चना खिलाया तो बगुले को भी दाना डाला। सीएम ने इसके बाद गोरखनाथ मंदिर में साधु-संतों के साथ राख की होली खेली।
