मेघालय में हॉनीमून मनाने गए इंदौर के राजा रघुवंशी (29) की हत्या मामले में जबसे पत्नी सोनम सहित 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है रोज नए खुलासे हो रहे हैं। अब खबर है कि सोनम ने जिसे अपना जीवनसाथी बनाया, महज शादी के 5 दिन बाद ही अपने पति के हत्या की साजिश रच डाली। सोनम रघुवंशी ने पति राजा को रास्ते से हटाने की साजिश इसलिए रची ताकि विधवा बनकर वह प्रेमी राज कुशवाह से दूसरी शादी कर सके। सोनम का मानना था कि उनके हार्ट पेशेंट पिता पहले अंतरजातीय विवाह के लिए सहमत नहीं होंगे, इसलिए उसने पहले रघुवंशी समाज के लड़के से शादी करने और फिर उसकी हत्या करवाने के बाद दूसरी शादी का प्लान बनाया।
विधवा बन राज से शादी करने की थी प्लानिंग
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई। परिवार में खुशियां थीं, सब कुछ सामान्य दिख रहा था। लेकिन 16 मई को सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। राज कुशवाह से सोनम ने कहा राजा को खत्म कर देते हैं, लूट की कहानी बनाएंगे। फिर मैं विधवा बन जाऊंगी और पापा भी हमारी शादी को मंजूरी दे देंगे। दरअसल, राज कुशवाहा, सोनम के पिता के यहां काम करता था लेकिन तकरीबन 5 महीने पहले दोनों के बीच प्यार पनप गया। सोनम जानती थी कि उसके पिता दिल के मरीज हैं और अगर वो राज कुशवाहा से शादी करने की बात अपने पिता से करती है तो उसके पिता नहीं मानेंगे। इसके बाद सोनम ने राज को शादी के 5वें दिन कहा कि राजा को खत्म कर देते हैं। पूरी कहानी को लूट की घटना बता देंगे। अगर एक बार मैं विधवा हो गई तो पिताजी अपनी विधवा बेटी की शादी तुमसे कर सकते हैं। ये बात सुन कर राज कुशवाहा भी सोनम की बात मान गया।
शादी के 5वें दिन ही की थी हत्या की प्लानिंग
दरअसल पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि सोनम ने राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ मिलकर सोनम ने अपने पति राजा की सुपारी दी थी। अब इस मामले में एक नया खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि हत्या की पूरी साजिश सोनम रघुवंशी ने खुद रची थी। पुलिस रिमांड में आरोपियों ने अपने गुनाह कबूल कर लिए हैं और बताया है कि राजा को मारने के लिए सोनम ने ही सुपारी दी थी। एडवांस में 50 हजार रुपए भी मिले थे। वहीं यह भी बात सामने आई है कि शादी के 5वें दिन से ही राजा को मारने की प्लानिंग शुरू हो गई थी। राजा की हत्या जिस कुल्हाड़ी (डाव) से की गई, वह गुवाहाटी से ऑनलाइन ऑर्डर की गई थी।
फोटोशूट के बहाने सुनसान पहाड़ी पर ले गई सोनम
आरोपी घटना से ठीक पहले सोनम के होमस्टे से 1 किमी दूर होटल में ठहरे थे। सोनम ही उन्हें लोकेशन भेज रही थी। 23 मई को फोटोशूट के बहाने सोनम राजा को सुनसान पहाड़ी इलाके में ले गई। वह खुद पीछे रुक गई और तीन युवक राजा से आगे बढ़े। जैसे ही जगह खाली मिली, सोनम ने चिल्लाकर कहा – “मार दो इसे।” इसके बाद आरोपियों ने राजा के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। साथ चल रहा एक और आरोपी आकाश राजपूत दूर से बाइक पर निगरानी कर रहा था। मेघालय पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहाड़ी चढ़ते-चढ़ते थक गए थे और मना कर दिया था। तब सोनम ने कहा – “20 लाख दूंगी, पर मारना पड़ेगा।” उसी समय राजा के पर्स से 15 हजार रुपये निकालकर सोनम ने उन्हें दे दिए।
CCTV में आरोपियों से बात करते दिखी सोनम
23 मई को राजा की हत्या के बाद उसी शाम सोनम शिलांग से गुवाहाटी पहुंची। वहां से ट्रेन पकड़ी और वाराणसी होते हुए गाजीपुर निकल गई। इस दौरान अपने मोबाइल फोन तोड़ दिए ताकि पुलिस ट्रेस न कर सके। जांच के दौरान सोनम का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया। इसमें सोनम आरोपियों से बात करते हुई दिखती है। फिर CDR और कॉल ट्रेसिंग से राज कुशवाहा की लोकेशन इंदौर में मिली और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही सोनम को ये पता चला कि राज कुशवाहा पकड़ा जा चुका है तो उसने समझ लिया कि खेल खत्म हो चुका है। कुछ देर बाद उसकी भी गिरफ्तारी हो गई।
हनीमून ट्रिप बनी राजा की आखिरी ट्रिप
इंदौर का नौजवान राजा महज 20 दिन पहले शादी कर एक नई जिंदगी शुरू करने वाला था लेकिन अपने ही हनीमून ट्रिप से कभी वापस नहीं लौट पाया। शादी के महज 13 दिन बाद ही यानी 23 मई 2025 को उसके लापता होने की खबर आई। उसके बाद उसकी लाश मेघालय के चेरापूंजी के जंगलों में एक गहरी खाई से 2 जून 2025 को मिली लेकिन पत्नी सोनम का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद कई राज्यों में सोनम की तलाशी शुरू की गई। इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली, जहां से उसे हिरासत में लिया गया। सोनम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने खुलासा किया कि पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर राजा रघुवंशी के कत्ल की साजिश रची थी।
