छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर बॉर्डर पर रविवार को नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सिलगेर और टेकलगुडम के बीच नक्सलियों ने पुलिस फोर्स के ट्रक को IED ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस आईईडी हमले में दो जवान शहीद हो गए। शहीद जवानों के नाम विष्णु आर और शैलेंद्र बताए जा रहे हैं. नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से कैंप सिलगेर से टेकलगुडेम जाने वाले रास्ते पर आईईडी लगाया था, जिसकी चपेट में 201 कोबरा वाहिनी का ट्रक आ गया।
सुकमा में नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, जगरगुंडा थाना क्षेत्र के कैंप सिलगेर से 201 कोबरा वाहिनी का अग्रिम दल आरओपी ड्यूटी के दौरान ट्रक और बाइक से कैंप टेकलगुडेम की ओर जा रहा था। मूवमेंट के दौरान रविवार दोपहर करीब 3 बजे 201 कोबरा वाहिनी का ट्रक आईईडी की चपेट में आ गया, जिसमें चालक और सह चालक मौके पर ही शहीद हो गए। ब्लास्ट के चलते ट्रक का चालक जवान विष्णु आर और सह चालक जवान शैलेंद्र शहीद हो गए। बाकी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।दोनों ही शहीद जवानों के शव को मौके से बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल इलाके में सर्चिंग जारी है।
इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़
बताया जा रहा है कि टेकलगुडम और इससे आगे का पूवर्ती इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़ है। कुछ ही महीने पहले यहां सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है। करीब महीना भर पहले बीजापुर जिले में थाना प्रभारी की गाड़ी नक्सलियों के लगाए IED की चपेट में आ गई थी। फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह अपने एक जवान के साथ शासकीय काम से बीजापुर आ रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने फरसेगढ़ और रानीबोदली गांव के बीच कमांड IED ब्लास्ट कर दिया। हालांकि, इस घटना में थाना प्रभारी आकाश मसीह और जवान दोनों सुरक्षित हैं। वाहन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा था।
सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी
कुछ दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया था। जिसके चलते सुरक्षा बलों ने जंगलों में माओवादियों के ठिकाने पर छापेमारी की और वहां से विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया. यह जानकारी खुद जिला पुलिस ने 15 जून को दी। आज ही सुकमा के जंगल में पुलिस, सीआरपीएफ और डीआरजी की टीम ने नकली नोट और प्रिंटर मशीन बरामद की है। इसके अलावा हथियार भी जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि नक्सली ग्रामीणों को झांसा देकर बाजार में नकली नोट खपा रहे थे। सर्च ऑपरेशन सुकमा के कोरागुड़ा इलाके में चलाया गया था जो कि घोर नक्सल प्रभावित इलाका है। छापे के दौरान 100, 200 और 500 के नकली नोट और प्रिंटर मशीन भी मिली।
.
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.











Users Today : 8
Views Today : 8