विज्ञापन के लिए संपर्क करें

नीति आयोग की बैठक में माइक बंद होने पर भड़की ममता बनर्जी, बाहर निकलते ही लगाया ये आरोप

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में 27 जुलाई को राष्ट्रीय भारत परिवर्तन संस्थान (नीति आयोग) की नौवीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक द‍िल्‍ली स्‍थि‍त राष्‍ट्रपत‍ि भवन के सांस्‍कृत‍िक केंद्र में आयोज‍ित की गई । इस काउंसिल में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री ह‍िस्‍सा ले रहे हैं। इनमें व‍िपक्ष की पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी पहुंचीं। बैठक में शामिल होने पहुंची ममता बनर्जी बड़ा आरोप लगाते हुए बीच में ही बैठक छोड़कर बाहर निकल आई हैं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया और पांच मिनट में उन्हें स्टॉप कर दिया गया। हालांकि, सरकारी सूत्रों का कहना है कि माइक बंद करने का ममता बनर्जी का दावा गलत है।

‘मुझे सिर्फ 5 मिनट बोलने दिया,बाकी सीएम को 20 मिनट’

पश्चिम बंगाल की सीएम ने कहा कि वह विपक्ष की एकमात्र सदस्य थी जो मीटिंग में भाग ले रही थी लेकिन फिर भी उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी गई। ये अपमानजनक है। ममता बनर्जी ने कहा, केंद्र सरकार मनमानी कर रही है। मैंने कहा कि आपको (केंद्र सरकार को) राज्य सरकारों के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए। मैं बोलना चाहती थी लेकिन मुझे सिर्फ 5 मिनट बोलने दिया गया। मुझसे पहले के लोगों ने 10-20 मिनट तक बात की। विपक्ष से मैं अकेली थी जो इस बैठक में भाग ले रही थी लेकिन फिर भी मुझे बोलने नहीं दिया गया, यह अपमानजनक है। यह सिर्फ बंगाल का ही नहीं, बल्कि सभी क्षेत्रीय दलों का अपमान है।

ममता बनर्जी ने आगे कहा”, मैंने बैठक का बहिष्कार किया है। चंद्रबाबू नायडू को बोलने के लिए 20 मिनट दिए गए, असम, गोवा, छत्तीसगढ़ के सीएम ने 10-12 मिनट तक बात की। मुझे सिर्फ पांच मिनट बाद बोलने पर ही रोक दिया गया। यह गलत बात है। मैं इस बैठक में इसलिए भाग ले रही हूं क्योंकि सहकारी संघवाद को मजबूत करने में मेरी अधिक रुचि है।”

बता दें कि नीति आयोग की इस बैठक में साल 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा। गवर्निंग काउंसिल नीति आयोग की शीर्ष निकाय है। इसमें सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में इस बैठक का आयोजन किया गया था।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस