विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Independence Day 2024: प्रधानमंत्री का देश को संदेश, बांग्लादेश, महिला हिंसा से लेकर इन मुद्दों पर बोले पीएम मोदी

देश अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा फहराया और यहीं से देश को संबोधित भी किया, अपने 1 घंटा 41 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्द्धियों को गिनाते हुए देशवासियों को संदेश दिया। प्रधानमंत्री मोदी का यह देश के नाम उनका लगातार 11वां संबोधन है और लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के बाद उनका पहला संबोधन है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस बार खास बात यह है कि पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ी भी इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बतौर अतिथि पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन की मुख्य बातें

प्रधानमंत्री मोदी ने आज 11वीं बार लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया। पीएम ने कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने सेकुलर सिविल कोड की बात कही तो बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा पर भी बोला। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने मेडिकल में 75 हजार सीटें बढ़ाने का भी ऐलान किया।

‘आजादी के दीवाने’ को नमन-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, आज देश के लिए बलिदान देने वाले अनगिनत ‘आजादी के दीवाने’ को श्रद्धांजलि देने का दिन है। यह देश उनका ऋणी है। आज वो शुभ घड़ी है, जब हम देश के लिए मर मिटने वाले, देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले, आजीवन संघर्ष करने वाले, फांसी की तख्त पर चढ़कर भारत माता की जय का नारा लगाने वाले अनगिनत वीरों को हम नमन कर रहे हैं।

पीएम मोदी के भाषण में बंग्लादेश का भी जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि एक पड़ोसी देश के तौर पर मैं बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ है, उससे जुड़ी चिंता को समझ सकता हूं। मुझे उम्मीद है कि वहां स्थिति जल्द से जल्द सामान्य हो जाएगी। 140 करोड़ देशवासियों की चिंता वहां के हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।  भारत हमेशा चाहता है कि हमारे पड़ोसी देश समृद्धि और शांति के रास्ते पर चलें। हम शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं। आने वाले दिनों में हम अपनी ‘विकास यात्रा’ में बांग्लादेश के लिए शुभकामनाएं जारी रखेंगे क्योंकि हम कल्याण के बारे में सोचते हैं।

‘राक्षसी कृत्यों करने वालों को जल्द सजा मिले’

पीएम मोदी ने कहा कि बेटियों पर अत्याचार हो रहे हैं। सरकारों को महिला अत्याचार को गंभीरता से लेना चाहिए। महिलाओं के प्रति अपराधों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। देश में आक्रोश है, जल्दी सजा पर चर्चा करना जरूरी है, जिससे दोषियों में डर पैदा हो। मैं इस आक्रोश को महसूस कर सकता हूं। देश को, समाज को, राज्य सरकारों को इसे गंभीरता से लेना होगा, महिलाओं के खिलाफ अपराधों की त्वरित जांच हो, इन राक्षसी कृत्यों को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द सख्त सजा मिले।

भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि देशवासी भ्रष्टाचार की दीमक से परेशान रहे हैं। हर स्तर के भ्रष्टाचार ने लोगों के विश्वास को तोड़ा है. हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग छेड़ा है. मैं जानता हूं कि इसकी कीमत मुझे चुकानी पड़ती है। मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जाता है, लेकिन राष्ट्र से बड़ी मेरी प्रतिष्ठा नहीं हो सकती है। देश के सपनों से बड़ा मेरा सपना नहीं हो सकता है। इसलिए भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई शुरू होगी। मैं भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भय का माहौल पैदा करना चाहता हूं।

देश को वन नेशन, वन इलेक्शन के लिए आगे आना होगा-PM

पीएम मोदी ने कहा कि आज हर काम को चुनाव से रंग दिया गया है. सभी राजनीति दलों ने अपने विचार रखे हैं. एक कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयारी है. देश को वन नेशन, वन इलेक्शन के लिए आगे आना होगा. मैं राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं कि भारत की प्रगति के लिए वन नेशन, वन इलेक्शन के सपने को साकार करने के लिए आगे आना चाहिए।

देश को एक सेक्युलर सिविल कोड की जरुरत-PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कई बार यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर चर्चा की है. देश का एक बड़ा वर्ग मानता है कि सिविल कोड सांप्रदायिक है. इस बात में सच्चाई भी है. ये भेदभाव करने वाला सिविल कोड है. संविधान के 75 वर्ष जब मनाए जाएंगे तो संविधान निर्माताओं का जो सपना था, उसे पूरा करना हमारा दायित्व है. अब समय की मांग है कि देश में एक सेक्युलर सिविल कोड हो।

‘मेडिकल में अगले 5 साल में 75 हजार सीटें बढ़ेंगी ‘

मेडिकल के क्षेत्र में जाने की तैयारी करनेवाले छात्रों के लिए पीएम मोदी ने आज लाल किले से बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार अगले पांच साल में मेडिकल लाइन में 75 हजार नई सीटें ईजाद करेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में सरकार ने एक लाख सीटों का सृजन किया है।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस