सुप्रीम कोर्ट द्वारा कोटे में कोटा पर दिए गए फैसले के खिलाफ दलित और आदिवासी संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार (21 अगस्त) को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है। ‘नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ दलित एंड आदिवासी ऑर्गेनाइजेशन्स’ (एनएसीडीएओआर) ने मांगों की एक सूची जारी की है जिसमें अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी) और अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) के लिए न्याय और समानता की मांग शामिल हैं। भारत बंद का बसपा, आरजेडी और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी समेत कई दलों ने समर्थन किया है। बिहार में भारत बंद का असर देखा जा रहा है। कई जिलों में प्रदर्शन और रोड जाम की सूचनाएं आ रही हैं।
झारखंड की सीमा को किया गया बंद
झारखंड के रांची में भी भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है. इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस बंद के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्कूल खुले हुए हैं, लेकिन एनएच 33 डिमना चौक व कांदरबेड़ा रोड को जाम कर दिया गया है। बहरागोड़ा में एनएच 18 को पूरी तरह से जाम कर दिया गया है। झारखंड की सीमा में पश्चिम बंगाल व ओडिशा से कोई वाहन प्रवेश नहीं हो पा रहा है। लोग जाम में ही फंसे हुए है। आदित्यपुर में बंद समर्थक औद्योगिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया जा रहा है।
राजस्थान में भारत बंद से कई शहर बंद
भारत बंद का राजस्थान के कई जिलों में असर दिख रहा है। भीलवाड़ा, अजमेर, ब्यावर और चित्तौड़गढ़ में बाजारें बंद हैं। बस सेवाओं पर भी असर पड़ा है। सुबह से ही कई संगठन सड़कों पर उतर आए. जोधपुर व जोधपुर ग्रामीण के सारे सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूल, कोचिंग संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र आज बंद हैं. कोटा में शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। टोंक में भी भारत बंद का असर दिख रहा है। यहां बस स्टैंड पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जयपुर में भी बाजारों में सन्नाटा पसरा है। अलवर में भारत बंद को ध्यान में रखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।
बिहार में सड़कों पर उतरे समर्थक
बिहार के कई जिलों में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। सड़कों पर समर्थक जुटे हुए हैं। भारत बंद समर्थकों ने एनएच-83 को ब्लॉक कर दिया है। राजधानी पटना में भी भारत बंद का असर देखा जा रहा है। प्रदर्शन को लेकर पटना जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। बैरिया में माले समर्थकों ने टायर जलाकर आगजनी की। सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। जिससे यातायात बाधित हो गई है। वहीं पटना राजधानी से उत्तर बिहार के जोड़ने वाली मुख मार्ग हाजीपुर पटना को पूरे तरीके से सील कर दिया गया है। हाजीपुर के जगह-जगह मुख्य मार्ग पर लोग सड़क जाम कर हंगामा कर रहे हैं।
क्यों हो रहा है भारत बंद?
21 अगस्त को भारत बंद करने का मुख्य उद्देश्य है कि SC/ST आरक्षण में क्रीमी लेयर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जो ताजा फैसला दिया है उसे वापस लिया जाए। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों का एक वर्ग काफी विरोध कर रहा है और उसको लेकर देशव्यापी बहस भी छिड़ी हुई है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला इसपर आधारित है कि अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों में जो ‘क्रीमी लेयर’ हैं, उसकी जगह कोटा में उनमें भी जो वंचित वर्ग हैं, उन्हें प्राथमिकता मिले। लेकिन, इसका जबर्दस्त विरोध हो रहा है और विरोध करने वाले सर्वोच्च अदालत के फैसले को अन्यायपूर्ण बता रहे हैं।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 7
Views Today : 7