हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित हो गए हैं। हरियाणा में भाजपा ने सियासी पंडितों की भविष्यवाणी और एग्जिट पोल को फेल करते हुए बड़ी जीत हासिल की है। जबकि जम्मू कश्मीर में बीजेपी दूसरी बड़ी पार्टी बनी है। ऐसे में देश के प्रधानमंत्री व बीजेपी के दिग्गज नेता नरेंद्र मोदी ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी। उन्होंने की पार्टी की सफलता का पूरा श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को दिया।
जहां दूध-दही है खाना ऐसा है हरियाणा-पीएम मोदी
नई दिल्ली में पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं व जनता का अभिनंदन करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘हमने सुना है, जहां दूध-दही है खाना ऐसा है हरियाणा। साथियों, आज नवरात्रि का छठा दिन है। मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किए हुए हैं। हम सभी को आशीर्वाद दे रही हैं। ऐसे पावन दिन हरियाणा में तीसरी बार लगातार कमल खिला है।पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के जनादेश की गूंज दूर-दूर तक जाएगी। यह गीता की धरती पर सत्य, विकास और सुशासन की जीत है।
कांग्रेस देश में जाति का जहर फैला रही है-पीएम मोदी
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को खूब आड़े हाथों लिया। उन्होंने दावा किया कि देश में अंतरराष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं। कांग्रेस देश में जाति का जहर फैला रही है। वह जाति के नाम पर लोगों को लड़ाती है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत के विरुद्ध षड़यंत्र चल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है। वह सहयोगियों को निगल जाती है. वह ऐसा देश बनाना चाहती है, जहां लोग अपनी ही विरासत से नफरत करते हों। अब जनता के सामने कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उनका डिब्बा गोल हो गया है। सरकार से बाहर होते ही कांग्रेस जल बिन मछली जैसी हो जाती है। वो समाज में जाति का जहर फैला रही है। अलग-अलग वर्गों को भड़का रही है। कांग्रेस परजीवी पार्टी है।
हर जाति-वर्ग के लोगों ने हमें वोट दिया-प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने फिर कमाल कर दिया है और कमल-कमल कर दिया है। हर जाति-वर्ग के लोगों ने हमें वोट दिया है। जम्मू-कश्मीर में भी दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्वक चुनाव हुए। वोटों की गिनती हुई, नतीजे आए, यह भारत के संविधान और लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर में नेकां-कांग्रेस गठबंधन को ज्यादा सीटें मिली हैं, लेकिन वोट प्रतिशत के हिसाब से देखें तो वहां जितनी भी पार्टियां चुनाव लड़ रही थीं, उनमें भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को भी नमन करता हूं।
