उत्तर प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग की PCS Pre-RO/ARO Exam डेट को प्रयागराज में 36 घंटे से हजारों छात्रों का प्रदर्शन जारी है। छात्र अपनी मांगों को लेकर यूपी लोक सेवा आयोग के बाहर डटे है। छात्रों का कहना है कि जब तक आयोग हमारी मांगे नहीं मान लेता हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। सोमवार रात छात्रों ने प्लास्टिक की बोतले पीटकर नारेबाजी की। रात में मोबाइल की लाइट जलाकर भी विरोध प्रदर्शन किया गया। पूरी रात छात्र आयोग के दफ्तर के बाहर सड़क पर प्रदर्शन करते रहे। वहीं, मौके पर भारी फोर्स तैनात रहा। रात भर पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने डटे रहे। प्रशासन की तरफ से कई बार बातचीत की कोशिश हुई समझाया गया लेकिन छात्रों ने किसी की भी नहीं सुनी और अब तक प्रोटेस्ट जारी है।
सोमवार सुबह 10 बजे से ही जारी है छात्रों का प्रदर्शन
सोमवार सुबह 10 बजे से ही प्रतियोगी छात्र आयोग के बाहर जुटने शुरू हो गए थे। प्रतियोगी छात्रों को आयोग तक पहुंचने से रोकने के लिए बैरिकेटिंग लगाई गई थी लेकिन छात्रों कि हुजूम बेरीकेटिंग तोड़ते हुए आयोग के गेट नंबर 2 के पास पहुंच गया। सुबह से लगातार आयोग के बाहर पोस्टर बैनर हाथों में लेकर प्रतियोगी छात्रों ने प्रदर्शन किया।

छात्रों का कहना है कि कल से भी ज्यादा स्टूडेंट्स आज के धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे। छात्रों की मांग है कि PCS और R0/ARO परीक्षा एक ही दिन कराई जाए जिससे नॉर्मलाइजेशन का रूल एग्जाम से हटे। प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि आयोग से 41 जिलों में पीसीएस प्री 2024 आयोजित कर रहा है इसे प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित किया जाना चाहिए ताकि एक दिन में एक शिफ्ट में परीक्षा कराई जा सके इससे आयोग को नॉर्मलाइजेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी।

प्रतियोगी छात्रों की दलील है कि एक बार भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद नियमों में बदलाव नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने एक फैसले में इस बात को कहा है। प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि जब तक आयोग से उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक वह पीछे नहीं हटेंगे।
छात्रों का कीमती समय आंदोलन में खराब नहीं होना चाहिए-केपी मौर्य
उधर, यूपी लोकसेवा आयोग की ओर से इस मामले को लेकर स्थिति साफ की गई है। छात्रों के प्रदर्शन के बाद आयोग ने बयान जारी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की शुचिता एवं छात्रों के भविष्य को संरक्षित करने के उद्देश्य से परीक्षाएं केवल उन केन्द्रों पर कराई जा रही है, जहां किसी प्रकार की कोई गड़बड़ियों की कोई सम्भावना नहीं है। वहीं इस मामले को लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बयान सामने आया है। उन्होंने अधिकारियों से छात्रों की मांग सुनकर शीघ्र समाधान निकालने का आदेश दिया है।
यूपी पीसीएस परीक्षा में एक से अधिक दिन की परीक्षा, निजी संस्थानों को केंद्र न बनाने और मानकीकरण प्रक्रिया को लेकर छात्रों की चिंताएं गंभीर और महत्वपूर्ण हैं। छात्रों की मांग है कि परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हों, ताकि उनकी मेहनत का सम्मान हो और भविष्य सुरक्षित रहे।…
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) November 12, 2024
मांगे माने जाने तक जारी रहेगा प्रदर्शन
फिलहाल आयोग के बाहर हजारों की संख्या में प्रतियोगिता अभी भी डटे हुए हैं । इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए कई जिलों के छात्र पहुंचे हैं। इनमें कानपुर, लखनऊ, उन्नाव समेत कई जिलों के छात्र हैं। इस प्रदर्शन में प्रयागराज में तैयारी करने वाले छात्र भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। छात्र लगातार कह रहे हैं कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाएगी तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 1
Views Today : 1