विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Jharkhand Elections: 43 सीटों पर पहले चरण की वोटिंग शुरु, पहले दो घंटे में 13.04 प्रतिशत मतदान

झारखंड में विधानसभा की 43 सीट के लिए बुधवार को मतदान शुरू हो गया जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सहित कुल 683 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। झारखंड में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को समाप्त हो रहा है. राज्य में 950 बूथ ऐसे भी हैं, जहां मतदान का समय शाम 4 बजे तक के लिए ही होगा।  कुल 2.60 करोड़ मतदाताओं में से 1.37 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे।

सात बजे से ही दिख रहा वोटरों में उत्साह

झारखंड में सुबह सात बजे से वोट डालने को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं वोट डालने की प्रक्रिया शुरू होने पहले ही कई बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई।  पहले दो घंटे में सबसे अधिक 15.09 प्रतिशत सिमडेगा जिले में और सबसे कम 11.25 प्रतिशत पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदान की खबर है। वहीं  जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के वर्मा माइंस स्थित मतदान केंद्र केरला पब्लिक स्कूल में आजसू और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता आपस में ही उलझ गये। हालांकि पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।

पहले मतदान, फिर जलपान-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के सभी मतदाताओं से विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत बुधवार को जारी मतदान में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “झारखंड विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट देने जा रहे अपने सभी युवा साथियों को मेरी बहुत-बहुत बधाई! याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान!”

20 नवंबर को होगा दूसरे चरण का मतदान

पहले चरण के तहत आज 43 सीटों पर मतदान हो रहा है। जबकि, दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। पहले चरण में  कुल 1.37 करोड़ मतदाता 683 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम पर लिखेंगे. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 68.73 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या 68.36 लाख है। थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 303 है। 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या 6.51 लाख है। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ ही आएंगे।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस