विज्ञापन के लिए संपर्क करें

डॉ मनमोहन सिंह के आवास पहुंचकर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कल पंचतत्व में विलीन होंगे पूर्व प्रधानमंत्री

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार (26 दिसंबर, 2024) को निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में दिक्कत आने के बाद रात करीब 8 बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था। आज (27 दिसंबर) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी सहित कई दिग्गजों ने उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल (शनिवार ) सुबह 10-11 बजे दिल्ली के शक्ति स्थल के पास विशेष राजकीय प्रोटोकॉल के साथ होगा। उनकी बेटी आज देर रात अमेरिका से दिल्ली पहुंचेंगी। फिलहाल डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर दिल्ली के मोतीलाल नेहरू मार्ग पर स्थित उनके आवास पर रखा गया है। कल रात एम्स से उनके पार्थिव शरीर को यहां लाया गया था, जहां उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ लग रही है।

उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उदाहरण-PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि भी दी है। पीएम मोदी ने कहा, ‘डॉक्टर मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने वित्तीय संकट से देश को बाहर निकाला है। उनका जाना पूरे देश के लिए एक झटका है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उदाहरण है कि कैसे हम संघर्षों से ऊपर उठ सकते हैं और अधिक ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्हें हमेशा एक ईमानदार व्यक्ति, एक महान अर्थशास्त्री और सुधारों के लिए खुद को समर्पित करने वाले नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और सालों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।’

केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

Mayank Dwivedi
Author: Mayank Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *