विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Bijapur Naxal Attack: बीजापुर में नक्सलियों ने जवानों की गाड़ी को IED से उड़ाया, 9 जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने आईईडी से सुरक्षाबलों के वाहन को निशाना बनाया है। नक्सलियों ने कुटरू मार्ग पर बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर के बार्डर एरिया में सर्च ऑपरेशन को पूरा कर लौट रहे जवानों की गाड़ी को ब्लास्ट से उड़ा दिया। धमाके में डीआरजी के 8 जवान और एक गाड़ी का ड्राइवर शहीद हो गया। वहीं कई जवान घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में कुल कितने जवान सवार थे इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है। मौके पर रिइनफोर्समेंट टीम को तत्काल भेज दिया गया। जवानों के शहीद होने की पुष्टि बस्तर आईजी ने की है। हमले की जानकारी मिलते ही बस्तर आईजी सुंदरराज पी बीजापुर के लिए रवाना हुए। बस्तर आईजीपी सुंदरराज पी. ने नौ जवानों के बलिदान होने की पुष्टि कर दी है। इस हमले में घायल जवानों को घटनास्थल से निकाला जा रहा है। घटनास्थल पर रेस्क्यू जारी है। पिकअप में डीआरजी के कई जवान सवार थे। बताया जा रहा है कि लगभग तीन किलो का आईईडी विस्फोटक था जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।

20 फीट उछला वाहन,10 फीट गहरा गड्ढा, 9 जवान शहीद

इस हमले के बाद एनआईए के रायपुर ब्रांच की फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच के लिए बीजापुर पहुंच रही है। बताया जा रहा है कि आईईडी लदे वाहन को जवानों के वाहन के पास ब्लास्ट किया गया। धमाका इतना जोरदार था कि सड़क पर 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। वाहन 20 फीट तक हवा में उछल गया। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसके कुछ हिस्से 30 फीट दूर एक पेड़ पर 25 फीट की ऊंचाई पर मिले, जो हमले की भयावहता को दर्शाता है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों को जवानों के मूवमेंट की पहले से जानकारी थी। उन्होंने एंबुश लगाकर घातक विस्फोट किया। इसके बाद नक्सलियों ने फोर्स पर फायरिंग शुरू कर दी। घटनास्थल से सामने आए वीडियोज में देखा जा सकता है कि आसपास वाहन के टुकड़े बिखरे हैं। जिस स्कॉर्पियो वाहन में जवान सवार थे, वो पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। धमाके के बाद वाहन के टुकड़े पास के ही पेड़ पर जा लटके। वाहन पूरी तरह नेस्तनाबूद हो गया और उसके स्टेरिंग भी घटनास्थल पर बिखरे पाए गए। हमले के बाद जवानों के हथियारों को भी बरामद किया गया है, जो पूरी तरह नष्ट हो गए।

सीएम और गृहमंत्री ने घटना पर जताया शोक

सीएम और गृहमंत्री ने घटना पर शोक जताया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, ‘आज IED विस्फोट में हमारे 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद हुए हैं। मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं, उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। जिस तरह से लगातार नक्सलियों को परास्त किया जा रहा है, उससे वे हताश हैं और ऐसी कायराना हरकतें कर रहे हैं। जल्द छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा होगा और यहां शांति बहाल होगी।’

वहीं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बीजापुर आईईडी विस्फोट पर कहा कि नक्सलियों की कायराना हरकत की जानकारी आई है। यह नक्सलियों की कायराना हरकत है। यह हताशा, निराशा में की गई कार्रवाई है। इन जवानों की शहादत ज़ाया नहीं जाएगी और बहुत जल्द छत्तीसगढ़, बस्तर नक्सल मुक्त होगा।

 

Mayank Dwivedi
Author: Mayank Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *