विज्ञापन के लिए संपर्क करें

California Wild Fire Live: हॉलीवुड सिटी कैलिफोर्निया में आग का तांडव, हर तरफ मचा हाहाकार, हजारों घर खाक

अमेरिका की हॉलीवुड सिटी कैलिफोर्निया आग की लपटों में धधक रही है। जंगलों में लगी भीषण आग ने विनाश का तांडव मचा दिया है। यह आग न केवल हजारों इमारतों को निगल चुकी है, बल्कि लॉस एंजिल्स के पॉश इलाकों और मशहूर हॉलीवुड हिल्स तक भी पहुंच गई है। इस आग में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएनन की खबर के मुताबिक मालिबू और सांता मोनिका के बीच समुद्र तटीय भाग में आग लगी आग ने तेजी से पूरे लॉस एंजिल्स को अपने लपेटे में ले लिया। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कैलिफोर्निया में लगी विनाशकारी आग की स्थिति को संबोधित करने के लिए बुधवार को रोम और वेटिकन की अपनी यात्रा रद्द कर दी। उन्हें पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर की स्मृति में आयोजित एक समारोह के बाद गुरुवार दोपहर को रवाना होना था।

तबाही इतनी जैसे परमाणु हमला हुआ हो

लॉस एंजिलिस काउंटी के शेरिफ (जिला CEO के समान) रॉबर्ट लूना ने आग मची तबाही को परमाणु बम विस्फोट से होने वाली तबाही के बराबर बताया है। लूना ने कहा कि आग को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे इन इलाकों में परमाणु बम गिराया गया हो। आग की स्थिति को संभालने के लिए नेशनल गार्ड्स को बुला लिया गया। लूना ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब मैं आपको यह बता रहा हूं, मैं (मृतकों की) संख्या को लेकर घबराया हुआ हूं। शेरिफ ने कहा कि वह प्रार्थना कर रहे हैं कि मृतकों की संख्या में वृद्धि न हो, लेकिन साथ ही कहा कि उन्हें अच्छी खबर की उम्मीद नहीं है।

10 हजार से ज्यादा घर खाक

अमेरिका के लॉस एंजिलिस के चारों तरफ लगी आग से लगभग 10 हजार घर जल चुके हैं। ये लॉस एंजिलिस और आसपास में लगी अब तक की सबसे बड़ी आग है। 4 दिन से लगी आग में लगभग 40 हजार एकड़ में फैली हुई है। इसमें से 29 हजार एकड़ जमीन पूरी तरह जल चुकी है। इस त्रासदी ने कई नामी हस्तियों के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। आग के कारण हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है, जबकि कई मशहूर हस्तियों के बंगले खाक हो चुके हैं। आग की वजह से करीब 10 हजार इमारतों तबाह हो चुकी हैं। इसके अलावा करीब 30 हजार घरों को नुकसान पहुंचा है। करीब 50 हजार लोगों को तुरंत घर खाली करने को कहा गया है। वहीं करीब 3 लाख लोगों को सुरक्षित जगह जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने शहर में इमरजेंसी घोषित कर शनिवार तक इसके फैलने की चेतावनी दी है।

2 करोड़ लोगों की जान पर खतरा

कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में लगी पैलिसेड्स आग से तकरीबन 2 करोड़ लोगों की जान पर खतरा आ बना है। आग ने हॉलीवुड हिल्स और इसके आसपास के क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। यह वही जगह है जहां हॉलीवुड का मशहूर साइनबोर्ड स्थित है, जिसे अमेरिकी फिल्म इंडस्ट्री का प्रतीक माना जाता है। प्रशांत महासागर की ओर से बहने वाली तेज हवाओं से आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया है। आग की लपटों से उठे धुंआ की गुबार से वायु गुणवत्ता काफी प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि आग की रफ्तार इतनी तेज है कि यह प्रति मिनट 5 फुटबॉल की मैदान को जलाकर खाक कर दे रहा है।

आग बुझाने में लगा पूरा तंत्र

लॉस एंजिल्स में आग बुझाने में लगे अग्निशमन विभाग के एक हेलीकॉप्टर से ड्रोन टकरा गया है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, संघीय उड्डयन प्रशासन ने घटना की जांच शुरू की है। एफएए ने बताया है कि अग्निशमन विमान सुरक्षित रूप से उतरने में सफल रहा। साथ ही कहा कि हवाई क्षेत्र को प्रतिबंधित किया गया है और उसने इलाके में किसी को भी ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं दी है। एजेंसी ने कहा कि वह इन उल्लंघनों को गंभीरता से लेता है। अमेरिकी सेना ने लॉस एंजिल्स में आग से निपटने के लिए सी-130 सैन्य परिवहन विमानों को भेजा है। अमेरिकी सेना की नॉर्दर्न कमांड ने गुरुवार को यह जानकारी दी। नॉर्दर्न कमांड के एक बयान के अनुसार, मॉड्यूलर एरियल फायर फाइटिंग सिस्टम से लैस विमानों को उनके चालक दल के साथ नेवादा, व्योमिंग और कोलोराडो से दक्षिणी कैलिफोर्निया के चैनल आइलैंड में लाया जाएगा। कुछ विमान शुक्रवार सुबह से सहायता के लिए तैयार हो जाएंगे। रविवार तक सभी विमान तैयार होंगे।

 

 

 

 

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस