विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली को 20 फरवरी को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, भव्य होगा शपथ ग्रहण समारोह

दिल्ली के नए सीएम के शपथ ग्रहण समारोह से पहले राम लीला मैदान में तैयारियां जोरों से शुरू हो गई हैं। 19 फरवरी को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। उसी दिन भारतीय जनता पार्टी 19 फरवरी को सरकार बनाने का दावा भी पेश करेगी। इसके बाद 20 फरवरी को नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। इससे पहले भाजपा ने सोमवार को होने वाली विधायक दल की बैठक को दो दिन बाद के लिए टाल दिया है। जिसके बाद ये तय हो गया कि मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह भी 18 फरवरी के बजाय 20 फरवरी को होगा। दिल्ली बीजेपी की अहम बैठक आज शाम आयोजित होगी, जिसमें शपथग्रहण समारोह के लिए विधायक दल की बैठक का समय और तारीख तय की जाएगी।

20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह

20 फरवरी को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री का भव्य शपथग्रहण समारोह का आयोजन होगा। इसके लिए सरकारी विभाग और संबंधित एजेंसियां तैयारियों में जुटी हैं। रामलीला मैदान की सफाई और सजावट का काम जोर-शोर से चल रहा है। कई एजेन्सियां स्थिति को व्यवस्थित करने में लगी हुई हैं, ताकि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात सुनिश्चित हो सकें। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM शामिल होंगे। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी आएंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाने की तैयारी की गई है। बताया जा रहा है कि शपथग्रहण समारोह के लिए किसानों को भी आमंत्रित किया गया है, लाडली बहनाएं भी समारोह में शामिल होंगी और विधानसभा चुानाव में बीजेपी की तरफ से तैनात तमाम कार्यकर्ताओं को भी बुलाया गया है।

ये हो सकते हैं सीएम पद के संभावित उम्मीदवार

दिल्ली के सीएम पद की दौड़ में कई नाम हैं। सूत्रों के अनुसार पार्टी ने 15 विधायकों के नाम निकाले हैं। उनमें से 9 नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं। इन्हीं 9 नामों में CM, कैबिनेट मंत्री और स्पीकर के नाम तय किए जाएंगे। सीएम पद के दावेदारों में भाजपा ने प्रवेश को नई दिल्ली में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मैदान में उतारा और केजरीवाल को हराकर वे एक प्रमुख व्यक्ति बन गए। सतीश उपाध्याय सीएम पद के लिए एक और मजबूत दावेदार हैं। वे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं और दिल्ली युवा विंग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वहीं, सूची में तीसरा नाम आशीष सूद का है, जो दिल्ली में भाजपा का पंजाबी चेहरा हैं। जितेंद्र महाजन को भी सीएम पद का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। पांचवां नाम विजेंद्र गुप्ता का है। अगर पार्टी किसी महिला नेता को चुनती है तो दिल्ली की पूर्व मेयर और पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता का नाम भी संभावित है। दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 7 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में चर्चा है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों से एक-एक भाजपा विधायक को चुना जा सकता है। बिहार और पंजाब चुनाव के अलावा जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इन्हें चुना जाएगा।

दिल्ली में जीत के बाद 21 राज्यों में NDA की सरकार

हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर AAP को सत्ता से बाहर किया। इस चुनाव में भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच सीधा मुकाबला था। हालांकि, इस बार आप को सिर्फ 22 सीटें ही मिल पाईं। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन जैसे प्रमुख आप नेता इस बार जीत का स्वाद नहीं चख पाए। वहीं, भाजपा 1993 के बाद पहली बार दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के बाद 28 राज्यों और विधानसभा वाले 3 केंद्र शासित प्रदेशों में से 21 में भाजपा या NDA की सरकार हो गई है। इसके साथ ही भाजपा 2018 की स्थिति में वापस आ गई है। तब भी देश में भाजपा या NDA की 21 राज्यों तक पहुंच थी।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस