विज्ञापन के लिए संपर्क करें

चार धाम यात्रा 2024: गंगोत्री-यमुनोत्री में दर्शनार्थियों ने तोड़े पिछले सारे रिकॉर्ड, इंतजार में 10 की मौत

चार धाम यात्रा

चारधाम यात्रा में इस बार शुरूआत में ही दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों ने रिकॉर्ड बनाया है। यात्रा शुरू होने के पांच दिनों में बीते वर्ष की तुलना में तीर्थयात्रियों की संख्या 1.15 लाख अधिक है। यात्रियों के उत्साह को देखते हुए प्रदेश सरकार को उम्मीद है कि यात्रा नया रिकॉर्ड बनाएगी। वहीं गंगोत्री-यमुनोत्री धामों पर रिकॉर्ड तोड़ भीड़ के चलते सरकारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो चुकी हैं। यमुनोत्री और गंगोत्री के सभी रास्ते जाम हैं। मंदिर जाने वाली गाड़ियों का नंबर 20-25 घंटे बाद आ रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम व विकट भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद चार धामों में दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रोजाना हजारों की संख्या में तीर्थयात्री केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के दर्शन कर रहे हैं

दर्शन के इंतजार में 10 की मौत

बीते 4 दिन में यमुनोत्री-गंगोत्री जा रहे 10 लोग रास्ते में ही दम तोड़ चुके हैं। इनमें 5 की जान मंगलवार को गई। तीन ऐसे हैं, जिन्होंने गाड़ी में दम तोड़ दिया। जिन 10 श्रद्धालुओं की मौत हुई, उन सभी की उम्र 50 वर्ष से अधिक थी। इनमें से 4 को डायबिटीज के साथ-साथ ब्लड प्रेशर की भी शिकायत थी।

यमुनोत्री में दर्शन को तीर्थयात्रियों की भीड़ जुट रही

यमुनोत्री में रिकॉर्ड भीड़ जुटने पर पुलिस-प्रशासन ने देर रात तक व्यवस्था बनाई है। यमुनोत्री धाम में 2023 में 28 मई को सर्वाधिक 12045 तीर्थयात्री पहुंचे थे, जो पिछले कई सालों के रिकॉर्ड था। लेकिन इस साल गत दिवस यमुनोत्री में 12148 तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना लिया है। यमुनोत्री में दर्शन को तीर्थयात्रियों की भीड़ जुटने का सिलसिला जारी है। इसके लिए प्रशासन ने बैरियर और गेट सिस्टम लागू कर दिया है। अब यमुनोत्री धाम में दर्शन सुचारू रूप से हो रहे हैं। लेकिन यमुनोत्री की भीड़ गंगोत्री धाम में पहुंचने से दबाव बढ़ गया है।

गंगोत्री धाम में रिकॉर्ड 18973 यात्री पहुंचे

गंगोत्री धाम में पिछले दो दिनों से रिकॉर्ड तीर्थयात्रियों ने दर्शन किये । पिछले साल यमुनोत्री के बाद गंगोत्री में 29 मई को रिकॉर्ड 13670 तीर्थयात्री एक दिन में पहुंचे थे, जो इस साल गत दिवस 18973 हो गया है। यह अब तक का सर्वाधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने का रिकॉर्ड है। जबकि आज गंगा सप्तमी पर टिहरी और उत्तरकाशी जिले की देव डोलियों के पहुंचने से दबाव और बढ़ गया है। इससे व्यवस्था बनाने में प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।

1200 साल से हो रही है चार धाम यात्रा

पौराणिक ग्रंथों के मुताबिक उत्तराखंड में चार धाम यात्रा 1200 साल से हो रही है, लेकिन पहली बार इतने श्रद्धालु पहुंचे हैं। पिछले साल यमुनोत्री, गंगोत्री के कपाट 22 अप्रैल तो केदारनाथ के 25 अप्रैल और बद्रीनाथ के 27 अप्रैल को खुले थे। तब यात्रा के शुरुआती पांच दिनों में 52 हजार लोग ही पहुंचे थे। इस बार चार दिन में 1.30 लाख से ज्यादा लोग पहुंच चुके हैं। 2023 में इतने लोग 16 दिन में पहुंच पाए थे।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस