विज्ञापन के लिए संपर्क करें

IND vs NZ: चक्रवर्ती के चक्रवात में फंसे कीवी, भारत ने लगाई जीत की हैट्रिक

चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम का विजयी अभियान जारी है। भारत ने ग्रुप स्टेज के तीसरा मुकाबले में न्यूजीलैंड को 44 रनों से हराया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय स्पिनरों के सामने 45.3 ओवर में 205 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत ने इस मैच को 44 रनों से अपने नाम किया। सेमीफाइनल में अब भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा।

श्रेयस की शानदार बल्लेबाजी, अक्षर का ऑलराउंड प्रदर्शन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की ओपनिंग जोड़ी, रोहित शर्मा और शुभमन गिल सस्ते में निपट गए। यह विराट कोहली के करियर का 300वां वनडे मैच था, जिसमें वो बढ़िया टच में दिख रहे थे। मगर ग्लेन फिलिप्स ने ऐसा जादुई कैच लपका कि मैदान में हर कोई हैरान रह गया। विराट ने 11 रन बनाए। मगर संकट की स्थिति से श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने टीम इंडिया को संभाला, जिनके बीच 98 रनों की पार्टनरशिप हुई। अय्यर 98 गेंदों में 79 रन बनाकर आउट हुए तो अक्षर ने 61 गेंदों में 42 रन बनाए। नंबर छह पर बैटिंग करने उतरे केएल राहुल कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 29 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हो गए। अंत के ओवर में हार्दिक पांड्या ने तेजी से रन बनाए। हार्दिक 45 रन बनाकर आउट हुए। गेंदबाजी की बात करें तो न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज मैट हेनरी रहे, उन्होंने 8 ओवर में 42 रन देकर पांच विकेट लिए। भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा रन बनाए।

भारतीयों की फिरकी पर नाचे कीवी

250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने रचिन रवींद्र का विकेट सस्ते में गंवा दिया। थोड़ी देर बाद दूसरे ओपनर विल यंग भी 22 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद उनके अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन और डेरिल मिचेल ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 44 रनों की पार्टनरशिप की। डेरिल मिचेल की पारी का अंत चाइनामैन कुलदीप यादव ने किया। फिर रवींद्र जडेजा ने टॉम लैथम (14) को एलबीडब्ल्यू को आउट करके भारतीय टीम को चौथी सफलता दिलाई। एक छोर से विकेट गिरते रहे लेकिन केन विलियमसन क्रीज पर डटे रहे और 81 रन बनाए। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने 5 विकेट झटके। कुलदीप यादव को 2 विकेट मिले जबकि अक्षर, पंड्या और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

4 मार्च को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से टक्कर

यह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पहला मौका है जब दुबई क्रिकेट ग्राउंड में पहले बैटिंग करने वाली टीम विजयी रही है। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में टॉप पोजिशन के साथ फिनिश किया है यानी कि भारत का सेमीफाइनल मुकाबला 4 मार्च को इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें खेलेंगी।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस