विज्ञापन के लिए संपर्क करें

मेनका गांधी को जिताने सुल्तानपुर पहुंचे बेटे वरुण गांधी, कहा- “सुल्तानपुर की पहचान मेनका गांधी”

बीजेपी नेता और सांसद वरुण गांधी पीलीभीत से टिकट कटने के बाद पहली बार बीजेपी के किसी कार्यक्रम में दिखाई दिए हैं। वरुण गांधी मां मेनका गांधी का चुनाव प्रचार करने गुरुवार को सुलतानपुर पहुंचे। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन वे भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के वोट मांग रहे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से कूरेभार पहुंचे वरुण का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान वरुण गांधी सुल्तानपुर की जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि मैं यहां सुल्तानपुर की मां के लिए आया हूं। इस चुनावी सभा के दौरान वरुण गांधी ने एक बार भी पीएम मोदी या सीएम योगी का जिक्र नहीं किया। उनका पूरा फोकस सुल्तानपुर, मां और मेनका तक सिमटा रहा।

“लोग उन्हें मंत्री, सांसद जी नहीं माता जी कहते हैं”

इस दौरान वरुण ने कहा कि “पूरे देश में चुनाव हो रहा है। लेकिन एक ही क्षेत्र है जहां उन्हें न कोई सांसद जी कहता है, न मंत्री जी कहता है, लोग उन्हें माता जी कहते हैं।” वरुण ने भावुक अपील करते हुए सुल्तानपुर की आवाम से कहा कि “माता कभी साथ नहीं छोड़ती है और आज मैं सिर्फ़ अपनी माँ के लिए नहीं बल्कि सुल्तानपुर की माँ के लिए समर्थन जुटाने आया हूँ। मां जो होती है, वह परमात्मा के बराबर एक शक्ति होती है। पूरी दुनिया साथ छोड़ दे, लेकिन मां कभी साथ नहीं छोड़ती। मैं यहां पर अपनी मां के लिए नहीं, बल्कि सुल्तानपुर की मां के लिए आया हूं। लोकसभा सीट का कोई भी वोटर उन्हें मां के नाम से ही जानता है।”

वरुण ने अमेठी और रायबरेली का भी नाम लिया

मां मेनका के लिए समर्थन जुटा रहे वरुण ने कहा- ‘जब हम 10 साल पहले पहली बार सुलतानपुर चुनाव लड़ने आए थे तो यहां के लोगों ने कहा कि अमेठी और रायबरेली में जो रौनक है, हम चाहते हैं कि वह रौनक सुलतानपुर में भी आए। आज मेरे लिए बड़े हर्ष की बात है जब देश में सुलतानपुर का नाम लिया जाता है तो इसका नाम प्रथम श्रेणी में लिया जाता है।’

वरुण गांधी की पहली चुनावी जनसभा

2024 के इस लोकसभा चुनाव में यह पहली बार है जब वरुण गांधी प्रचार के लिये उतरे हैं। वरुण वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में सुलतानपुर से सांसद चुने गये थे। मगर 2019 में उन्हें उनकी मां मेनका गांधी की जगह पीलीभीत से टिकट दिया गया था, जबकि मेनका को सुलतानपुर से मैदान में उतारा गया था। वह साल 2019 में पीलीभीत से सांसद चुने गये थे लेकिन इस बार भाजपा ने उनका टिकट काट दिया उसके बाद से वरुण सार्वजनिक मंच से दूर थे। सुलतानपुर में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है। इस चरण का चुनाव प्रचार आज शाम छह बजे खत्म हो जाएगा। सुलतानपुर में मेनका गांधी का मुकाबला समाजवादी पार्टी के राम बहादुर निषाद और बहुजन समाज पार्टी के उदय राज वर्मा से है।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस