विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Election Results 2024: अरुणाचल में बीजेपी की प्रचंड जीत, सिक्किम में SKM को फिर से मिली जीत

लोकसभा चुनाव के परिणामों से पहले रविवार को अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती हुई। दोनों राज्यों में सत्ताधारी पक्ष ही सरकार बनाती नजर आ रही है। अरुणाचल प्रदेश में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार बनाने जा रही है। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के नतीजे आ गए हैं। भारतीय चुनाव आयोग के मुताबिक भाजपा 60 विभानसभा सीटों में से 46 सीट जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) 32 में से 31 सीट जीतकर फिर से सरकार बनाने जा रहा है। विपक्षी दल सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) को एक सीट मिली है। 25 साल (1994-2019) सीएम रहे पवन कुमार चामलिंग ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और वे दोनों से हार गए। दोनों राज्यों में 19 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग हुई थी।

अरुणाचल में भाजपा की हैट्रिक

पूर्वोत्तर राज्य की 50 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना रविवार सुबह 6 बजे शुरू हुई। भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 10 सीटें पहले ही निर्विरोध जीत ली थीं, जिसके लिए चुनाव 19 अप्रैल को पहले चरण में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ हुए थे।जिन 50 सीट पर मतदान हुआ, उनमें से भाजपा ने 36 सीट पर जीत दर्ज की और मुख्यमंत्री पेमा खांडू निर्विरोध जीतने वाले 10 उम्मीदवारों में से एक हैं। अरुणाचल में भाजपा का नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के साथ गठबंधन है। NPP को 5 सीटें मिली हैं। इस लिहाज से अरुणाचल में NDA के पास 51 सीटें हैं।अरुणाचल में NDA ने सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि कांग्रेस ने केवल 19 सीटों पर कैंडिडेट्स उतारे थे।नेशनल पीपुल्स पार्टी ने पांच सीटें जीतीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने तीन सीटें जीतीं और पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल दो सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही। कांग्रेस पार्टी राज्य भर में सिर्फ एक सीट पर जीत दर्ज कर पाई।

सिक्किम में एसकेएम की आंधी में सबका सूपड़ा साफ

सिक्किम में एसकेएम की आंधी में सबका सूपड़ा साफ हो गया। प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में एसकेएम ने 32 में से 31 सीटों पर जीत हासिल की। सिक्किम में इस बार विपक्ष विहीन सरकार बनने जा रही है। लेकिन यह पहली बार नहीं है, जब सिक्किम में विपक्ष विहीन सरकार बन रही है। इससे पहले भी 2009 के विधानसभा चुनाव में एसडीएफ ने 32 की 32 सीटों पर जीत हासिल की थी और पवन चामलिंग राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। सिक्किम में SKM और SDF ने 32-32 उम्मीदवार उतारे थे। कांग्रेस ने 12 सीटों पर चुनाव लड़ा था। सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम ने 30 सीटों पर कैंडिडेट उतारे थे।

PM मोदी ने दी जीत की बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा की जीत पर राज्य के लोगों का धन्यवाद व्यक्त किया. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “धन्यवाद अरुणाचल प्रदेश! इस अद्भुत राज्य की जनता ने विकास की राजनीति को स्पष्ट जनादेश दिया है. अरुणाचल में भाजपा पर एक बार फिर अपना विश्वास जताने के लिए उन्हें मेरा आभार. हमारी पार्टी राज्य के विकास के लिए और भी अधिक उमंग के साथ काम करेगी.”

 

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस