उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में यूपी बिहार बॉर्डर पर नरही थाने में अवैध वसूली को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्रवाई की है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में कांस्टेबल से लेकर एसपी तक नप गए हैं। वहीं एएसपी और एसपी को पद से हटा दिया जबकि सीओ से लेकर कई कांस्टेबल तक को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी बलिया देवरंजन वर्मा और एडिशनल एसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी को हटाते हुए वेटिंग में भेज दिया गया है। आईपीएस विक्रांत वीर को बलिया का नया एसपी बनाया गया है। वहीं सीओ सदर शुभ सूचित को सस्पेंड किया गया है. इतना ही नहीं सरकार ने सीओ, एसएचओ और चौकी इंचार्ज की संपत्ति की विजिलेंस से खुली जांच के आदेश दिए है।
एडीजी-डीआइजी ने ट्रक पर सवार होकर आधी रात की छापेमारी
दरअसल लगातार पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली की शिकायत मिलने के बाद बीते बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि को यूपी के आजमगढ़ रेंज के DIG वैभव कृष्ण और ADG पीयूष मोर्डिया ने बलिया जिले के नरही थाने के पास भरौली पुलिस चेक पोस्ट पर छापेमारी की, इस दौरान 5 पुलिसकर्मियों को दलालों के साथ ट्रकों से वसूली करते हुए पाया गया। इस छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। छापमारी के दौरान हेड कांस्टेबल विष्णु यादव और कांस्टेबल दीपक मिश्रा मौके से फरार हो हए। जानकारी के मुताबिक ये पुलिसकर्मी निजी लोगों को दलाल बनाकर वसूली कर रहे थे। इस अवैध वसूली मामले में छापेमारी के बाद अब तक कुल 16 दलाल गिरफ्तार किए गए हैं। दलालों से 37360 रुपए, 14 बाइक, 25 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बिहार के बक्सर से आने वाले ट्रकों से यूपी सीमा में दाखिल होने के लिए ये वसूली की जा रही थी।
एक महीने में होती थी करीब डेढ़ करोड़ की वसूली
यह मामला सामने आने के बाद सरकार ने पूरी कोरंटाडीह चौकी को सस्पेंड कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक यूपी-बिहार बॉर्डर पर शराब, पशु तस्करी, लाल बालू की तस्करी में पुलिसकर्मियों के अवैध वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इस मामले में छापेमारी के बाद वसूली का जो पूरा गणित सामने आया है वो आपको हैरान कर देगा। बलिया में यूपी-बिहार के इस बॉर्डर से हर रात करीब 1000 ट्रक गुजरते थे और हर ट्रक के ड्राइवर से बॉर्डर पार करने की कीमत के तौर पर अवैध रूप से 500 रुपये वसूले जाते थे। इस हिसाब से सिर्फ एक दिन में पुलिसकर्मियों की पांच लाख रुपये की काली कमाई होती थी। अगर इस उगाही को महीने के हिसाब से देखें तो बलिया के पुलिसकर्मी हर महीने डेढ़ करोड़ की वसूली कर रहे थे।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 3
Views Today : 3