विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Bihar: BPSC एक्जाम रद्द करने को लेकर प्रदर्शन, छात्रों को मिला खान सर और प्रशांत किशोर का साथ

बिहार में BPSC यानी बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का धरना जारी है। पिछले 10 दिनों से चल रहे धरना प्रदर्शन के बाद भी बीपीएससी ने परीक्षा रद्द करने और री एग्जाम की मांग को अब तक नहीं माना है। एक तरफ बीपीएससी प्रश्न पत्र लीक को ‘अफवाह’ तो धरने पर बैठे छात्र अपनी मांगों को ‘जायज’ बता रहे हैं। अब अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन को प्रदेश के नेताओं का लगातार समर्थन भी मिल रहा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और जन सुराज पार्टी छात्रों की मांगों को जायज ठहराते हुए उनके समर्थन में हैं। वहीं अब लोकप्रिय शिक्षक खान सर भी छात्रों के समर्थन में आ गए हैं।

छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई बेहद निंदनीय-प्रशांत किशोर

छात्रों के इस आंदोलन को कई लोगों का समर्थन मिल रहा है। गुरुवार को प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है। इसके साथ ही किशोर ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आने वाले समय में छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जन स्वराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत कुमार गुरुवार को विरोध प्रदर्शन गर्दनी बाग पहुंचे, जहां सिविल सेवा के अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से धरना दे रहे हैं और 13 दिसंबर की परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं। किशोर ने कहा कि सरकार को प्रदर्शनकारी छात्रों या उनके प्रतिनिधियों से मिलना चाहिए और दोबारा परीक्षा की उनकी मांग पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं राज्य सरकार को अल्टीमेटम दे रहा हूं, प्रशासन को तीन दिनों के भीतर इस मुद्दे को हल करना होगा। प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं छात्रों का समर्थन करने के लिए हमेशा यहां हूं. मैं सबसे आगे रहूंगा। अगर पुलिस लाठीचार्ज करती है, तो मैं उसका सामना करने वाला पहला व्यक्ति रहूंगा। उन्होंने कहा कि बुधवार को छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई बेहद निंदनीय है।

छात्रों के समर्थ में सड़क पर उतरेंगे खान सर

बिहार के मशहूर शिक्षक खान सर भी एक बार फिर बीपीएससी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने पटना में जारी छात्रों के प्रदर्शन में पहुंचकर छात्रों के साथ खड़े रहने की बात कही है। उन्होंने इस दौरान कहा कि हम सब यहां अपना हक मांगने के लिए यहां हैं। हम तब तक लड़ेंगे जब तक हम सभी को अपना हक नहीं मिल जाता है। खान सर ने कहा कि 70वीं बीपीएससी की परीक्षा को लेकर उनके पास भी कई प्रकार शिकायतें आई है. अगर बीपीएससी ने परीक्षा रद्द करने की मांग को नहीं माना तो वे इस मुद्दे को लेकर कोर्ट की शरण में जाएंगे। तमाम किस्म के सबूतों के साथ उन्होंने कोर्ट में परीक्षा को चुनौती देने की बात कही। वहीं अभ्यर्थियों के समर्थन में हर कदम उनके साथ चलने की बात कही है।

आपको बता दें अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे बीपीएससी अभ्यर्थियों पर 25 दिसंबर की शाम को बिहार पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। पुलिस ने उस वक्त लाठीचार्ज किया था जब छात्र बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पुलिस पहले छात्रों को बीपीएससी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने से रोकने की कोशिश कर रही थी लेकिन जब प्रदर्शनकारी छात्र नहीं मानें तो पुलिस को उनके ऊपर लाठीचार्ज करना पड़ा।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस