ज्ञानेश कुमार देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। वो राजीव कुमार की जगह लेंगे। ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 26 जनवरी 2029 तक होगा। राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। 19 फरवरी को ज्ञानेश कुमार सीईसी का पद संभालेंगे। इस संबंध में कानून मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) अधिनियम-2023 के खंड 4 की शक्तियों का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं, ज्ञानेश कुमार की जगह डॉ. विवेक जोशी अब चुनाव आयुक्त होंगे।
चयन समिति की बैठक के बाद जारी हुई अधिसूचना
मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की अधिसूचना जारी होने से पहले आज पीएमओ में चयन समिति की बैठक हुई थी। इसमें पीएम मोदी, अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए थे। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए बैठक बुलाने में मोदी सरकार द्वारा दिखाई गई जल्दबाजी पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने चयन समिति को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 19 फरवरी को होने वाली सुनवाई के दृष्टिगत बैठक स्थगित करने की मांग की।

1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं ज्ञानेश कुमार
ज्ञानेश कुमार, जो 1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, पिछले साल मार्च से चुनाव आयुक्त के रूप में कार्य कर रहे हैं। वे पहले सहकारिता मंत्रालय के सचिव थे और 31 जनवरी 2024 को रिटायर हुए। कुमार अनुच्छेद 370 हटाने जैसे महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल रहे हैं। उन्होंने गृह मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय में भी काम किया है। कुल मिलाकर, कुमार का एक लंबा और प्रभावशाली प्रशासनिक करियर रहा है।
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त का पद भारतीय चुनाव आयोग का एक महत्वपूर्ण पद होता है, जो देश भर में चुनाव आयोजित कराने के साथ इसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाता है।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.











Users Today : 8
Views Today : 8