विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Ind Vs Aus: 184 रन से मेलबर्न टेस्ट हारा भारत, फ्लॉप बैटिंग बनी हार की वजह

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट में 184 रन से हरा दिया है। जीत के लिए मिले 340 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की दूसरी पारी 155 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम को आज ही लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम इंडिया तीन सत्र भी नहीं खेल सकी और 11 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। मेलबर्न में टीम इंडिया की टेस्ट में यह 13 साल बाद हार है। इससे पहले भारतीय टीम को 2011 में हार मिली थी। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में चार टेस्ट के बाद 2-1 की बढ़त बना ली है। अब पांचवां और आखिरी टेस्ट तीन जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।

जायसवाल को नहीं मिला किसी भी बल्लेबाज का साथ

ऑस्‍ट्रेलिया ने एमसीजी में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया और उसने पहली पारी में 474 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम की पहली पारी 369 रन पर ऑलआउट हुई। इस तरह मेजबान टीम को पहली पारी के आधार पर 105 रन की बढ़त मिली। ऑस्‍ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी 234 रन पर ऑलआउट हुई और भारत को कुल 340 रन का लक्ष्‍य मिला। दिन के आखिरी सेशन में भारतीय टीम लड़ने में असफल रही और 184 रन के विशाल अंतर से मुकाबला गंवा बैठी। इस हार का सबसे बड़ा कारण थर्ड अंपायर्स का एक विवादित फैसला रहा, जिसमें यशस्वी जायसवाल 84 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें फील्ड अंपायर ने नॉटआउट दिया था, लेकिन रिव्यू पर पर्याप्त सबूत नहीं होने के बावजूद थर्ड अंपायर्स ने उन्हें आउट किया। जायसवाल के आउट होने के 15 रन के भीतर ही भारत के अन्य बल्लेबाज भी आउट हो गए।

टॉप ऑर्डर बैटर्स का फ्लॉप होना रही असली वजह

सोमवार को टीम इंडिया के सामने यह स्थिति टॉप ऑर्डर बैटर्स के खराब परफॉर्मेंस की वजह से आई। यशस्वी के अलावा, शुरुआती 3 बल्लेबाज रोहित शर्मा (9), केएल राहुल (0) और विराट कोहली (5) दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए। यशस्वी ने ऋषभ पंत के साथ 88 रन की साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटकों से उबारा, लेकिन पंत ने खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा दिया। इसके बाद जडेजा और रेड्डी के भी विकेट जल्दी-जल्दी गिर गए। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में कमिंस और बोलैंड ने 3-3 विकेट झटके।

WTC फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को भी लगा झटका

कंगारू अब सीरीज में 2-1 से आगे है। एक मैच सीरीज में बाकी है। इस हार के साथ ही भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में पहुंचने की उम्मीदों को भी झटका लगा है। अब उसे अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। साथ ही सिडनी में अगले टेस्ट को जीतना ही होगा। ड्रॉ या हार टीम इंडिया को रेस से बाहर कर देगी। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम के पास सिडनी टेस्‍ट जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर करने का मौका होगा। इसके अलावा डब्‍ल्‍यूटीसी फाइनल में पहुंचने के सभी पैंतरे भारतीय टीम आजमाना चाहेगी।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस