जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले(Pahalgam Terror Attack ) के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से आतंकियों के ठिकानों पर निशाना बनाया। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से भारत पर कई हवाई हमले किए गए, जिसका भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया। अब पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद जर्मनी ने भारत का मजबूत समर्थन व्यक्त किया है। जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने साफ कहा कि भारत को आतंकवाद के खिलाफ आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है।
पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा- जर्मनी के विदेश मंत्री
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात के बाद जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि हम पहलगाम में हुए क्रूर आतंकी हमले से स्तब्ध हैं और भारत को निश्चित रूप से आतंकवाद के खिलाफ अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है। ऑपरेशन सिंदूर पर उन्होंने कहा- “जर्मनी आतंकवाद के खिलाफ किसी भी लड़ाई का समर्थन करेगा। आतंकवाद को दुनिया में कहीं भी जगह नहीं मिलनी चाहिए और यही कारण है कि हम उन सभी का समर्थन करेंगे जो आतंकवाद से लड़ते हैं और लड़ना चाहते हैं। जर्मन विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि हम सीजफायर की बहुत सराहना करते हैं। वहीं, कश्मीर के मुद्दे पर मध्यस्थता की पेशकश के बाद से भारत ने स्पष्ट किया कि भारत पाकिस्तान के साथ केवल द्विपक्षीय तरीके से ही व्यवहार करेगा।
विदेश मंत्री जयशंकर ने जर्मनी के समर्थन का किया स्वागत
विदेश मंत्री जयशंकर ने जर्मनी के समर्थन का स्वागत किया और कहा कि हम इस बात की सराहना करते हैं कि जर्मनी ने भारत के आत्मरक्षा के अधिकार को समझा है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी और परस्पर विश्वास का संकेत है। केंद्र सरकार की ओर से सीधे कहा गया है कि पाकिस्तान के साथ कोई भी बातचीत द्विपक्षीय होगी और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर तक ही सीमित रहेगी। उन्होंने साथ ही कहा कि जर्मनी हमारे लिए वास्तव में एक महत्वपूर्ण साझेदार है। हाल के वर्षों में हमारे सहयोग ने कई आयाम हासिल किए हैं और तेजी से आगे बढ़ा है। हम यूरोपीय संघ के साथ भारत के व्यापक संबंधों को आकार देने में जर्मनी की अमूल्य भूमिका को अत्यधिक महत्व देते हैं।
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। इसके बाद भारत ने पलटवार करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। ये कार्रवाई रात करीब 1:30 बजे की गई और इसका उद्देश्य आतंकियों के लॉन्चपैड्स और हथियारों के भंडार को नेस्तनाबूद करना था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि अब से किसी भी सीमा पार आतंकवादी घटना को भारत, युद्ध की कार्रवाई मानेगा.
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 1
Views Today : 1