विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Mahakumbh 2025: महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, आयोजन के आखिरी दिन CM योगी अलर्ट

प्रयागराज महाकुंभ के 45वें दिन भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। महाशिवरात्रि पर संगम तट पर भारी भीड़ उमड़ी है। देर रात से ही भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाना शुरू कर दिया था, मगर ब्रह्म मुहुर्त में स्नान के लिए आस्थावान संगम पर तेजी के साथ जमा हो रहे हैं। महाशिवरात्रि के साथ ही महाकुंभ अपनी अंतिम तिथि की तरफ बढ़ गया है। महाशिवरात्रि (Mahashivratri) पर आज महाकुंभ का अंतिम शाही स्नान किया जा रहा है। आज सुबह 7 बजकर 28 मिनट से अंतिम स्नान की शुरुआत के साथ ही बड़ी संख्या में भक्त महाशिवरात्रि पर संगम में डुबकी लगा रहे हैं। आज सुबह 10 बजे तक 81 लाख 09 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी। वहीं अब तक 65 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया है।

गोरखपुर से महाकुंभ की मॉनिटरिंग कर रहे CM योगी

दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व पर भी सुबह से ही अलर्ट दिखे। बीते सभी अमृत स्नान और स्नान पर्व की तरह सीएम योगी तड़के ही व्यवस्थाओं को देखने के लिए कंट्रोल रूम पहुंच गए। गोरखपुर प्रवास के चलते उनके लिए गोरखनाथ मंदिर में ही कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां वह महाकुंभ की पल-पल की मॉनिटरिंग करते नजर आए। उन्होंने निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। सुरक्षा के अहसास के साथ श्रद्धालुओं को कहीं भी किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने कंट्रोल रूम पहुंचकर महाकुंभ का लाइव जायजा लिया। फिर जनता दरबार में लोगों से मुलाकात की, इस दौरान कुछ देर बच्चों को दुलार किया, उन्हें टॉफी-चॉकलेट आदि दी. इसके बाद मंदिर में विधि विधान से पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और हवन किया।

संगम में डुबकी लगाने वालों की संख्या 193 देशों की जनसंख्या से ज्यादा

संगम में डुबकी लगाने वालों की यह संख्या 193 देशों की जनसंख्या से ज्यादा है। सिर्फ भारत और चीन की आबादी महाकुंभ आए श्रद्धालुओं से ज्यादा है। योगी सरकार ने दावा किया कि दुनिया में हिंदुओं की आधी आबादी के बराबर लोग यहां आए हैं। महाकुंभ में आखिरी स्नान को देखते हुए प्रयागराज शहर में 25 फरवरी की शाम से वाहनों की नो-एंट्री कर दी गई है। मेले के अंदर भी वाहन नहीं चल रहे हैं। रात से ही संगम जाने वाले रास्तों पर भारी भीड़ है। संगम घाट पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं से घाट खाली कराए जा रहे हैं, ताकि वहां भीड़ न उमड़े। महाशि‍वरात्र‍ि के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन पर प्रयागराज के डिप्टी एसपी सिया राम ने कहा, “यहां पुलिस फोर्स की बहुत अच्छी व्यवस्थाएं हैं। किसी को कोई परेशानी नहीं हो रही है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसलिए हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं… श्रद्धालुओं से यही अपील करेंगे कि शांतिपूर्वक स्नान करें और अपने गंतव्य के लिए रवाना हों।”

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस