विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Mahakumbh 2025: भारी भीड़ के चलते पोस्टपोन हुई बोर्ड परीक्षा, संगम नगरी में अभी भी 10 किमी से ज्यादा लंबा जाम

महाकुंभ में आखिरी वीकेंड में भी संगम नगरी प्रयागराज में भीड़ जारी है। महाकुंभ के 40वें दिन करीब 1.28 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में डुबकी लगाई। पवित्र गंगा में अबतक यानी 21 फरवरी की रात 10 बजे तक करीब 60 करोड़ लोग महाकुंभ में पावन स्नान कर चुके हैं। इस बीच महाकुंभ के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते प्रयागराज में 24 फरवरी को होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा स्थगित कर दी गई है।इसी के साथ-साथ बोर्ड ने परीक्षा के लिए नई तारीख की घोषणा भी कर दी है।

प्रयागराज में 24 फरवरी की परीक्षा अब 9 मार्च को

यूपी बोर्ड की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि महाकुंभ स्नान के अंतिम तिथि को देखते हुए जनपद प्रयागराज में 24 फरवरी को होने वाली हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को आगे टालने का अनुरोध किया गया था। इस संबंध में अब प्रयागराज में 24 फरवरी को होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा कार्यक्रम को संशोधित किया जाता है। अब यह परीक्षा नौ मार्च, रविवार को होगी। बोर्ड की ओर से बताया गया है कि प्रयागराज में 24 फरवरी को हाई स्कूल के हिंदी प्रारंभिक और हेल्थ केयर की परीक्षा अब 9 मार्च को होगी. इसी तरह से इंटरमीडिएट के लिए 24 फरवरी को होने वाली सैन्य विज्ञान और सामान्य हिंदी की परीक्षा 9 मार्च को कराई जाएगी। ये दोनों ही परीक्षाओं की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है, केवल तारीख आगे बढ़ाई गई है।

प्रयागराज जिले में परीक्षा में कुल करीब दो लाख दो हजार परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 93 हजार और इंटरमीडिएट के 1.09 लाख परीक्षार्थी हैं। 335 केंद्र जिले में हैं। वहीं पूरे प्रदेश में 8,140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 576 राजकीय और 3,446 अशासकीय सहायता प्राप्त और 4,118 स्ववित्त पोषित स्कूल शामिल हैं। इनमें से 306 परीक्षा केंद्रों को अतिसंवेदनशील और 692 को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है जहां से ऑनलाइन सभी केंद्रों पर निगरानी रखी जा सकेगी।

महाशिवरात्रि से अलर्ट पर प्रशासन

प्रयागराज शहर के एंट्री पॉइंट से लेकर शहर के अंदर तक भीषण जाम लग गया है। लोगों को 500 मीटर की दूरी तय करने में करीब दो घंटे का समय लग रहा है। प्रयागराज पहुंचने वाली गाड़ियों को संगम से 10km पहले रोका जा रहा है। प्रयागराज आने-जाने वाली 8 ट्रेनें 28 फरवरी तक रद्द कर दी गई हैं। 4 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। प्रयागराज में रजिस्टर्ड (UP- 70) गाड़ियों को ही शहर में एंट्री दी जा रही है। महाशिवरात्रि पर महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को लेकर रेल प्रशासन अलर्ट मोड में है। आरपीएफ, जीआरपी, एसडीआरएफ, कामर्शियल व परिचालन विभाग की टीमों को भी लगाया गया है। साथ ही जिला पुलिस की महिला व पुरुष टीम क्राउड कंट्रोल के लिए लगाई गई है।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस