महाकुंभ का 36वां दिन है। शाम 4 बजे तक 1.08 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। 13 जनवरी से अब तक 54.04 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से प्रयागराज जाने वाले मार्गों पर जबरदस्त जाम लग गया है। श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार संगम तट पर स्नान के लिए उमड़ रहा है। रात 8 बजे संगम से फाफामऊ तक 12 किमी लंबा जाम लगा रहा। महाकुंभ से करीब 10-12 किमी तक पूरे शहर की यही स्थिति है। रोड पर कारों की लंबी लाइन है। प्रयागराज के सभी 7 एंट्री पॉइंट जाम हो गए हैं। भीड़ के चलते दारागंज स्थित संगम स्टेशन को 26 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। महाकुंभ में तैनात अफसरों की ड्यूटी 27 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री फिर से रोक दी गई है। सभी तरह के पास रद्द कर दिए हैं। प्रयागराज से गुजरने वाली 19 ट्रेनों का रूट बदला गया है।
प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर भीषण जाम
दरअसल, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों, बसों और ट्रेनों के जरिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं। हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगने से वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को सफर में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस प्रशासन ने हालात संभालने के लिए बाईपास पर डायवर्जन लागू किया है। वाहनों की धीमी गति से यातायात बाधित हो गया है, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन हाईवे पर ड्रोन कैमरों से निगरानी कर रहा है। प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अब तक 66 लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। इससे टोल प्लाजाओं ने 50 करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व जुटाया। कुंभ स्नान के बाद कई श्रद्धालु विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए भी गए।
प्रयागराज की सड़कों पर सेना ने मोर्चा संभाल
ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए सेना के जवानों ने प्रयागराज की सड़कों पर मोर्चा संभाल लिया है। सेना के जवान ट्रैफिक खुलवाने में लगे हुए हैं। प्रयागराज जाने वाले रास्तों पर तीन से चार घंटे से भीषण जाम लगा है। मेडिकल चौराहे से बालसन तक लंबा जाम लगा हुआ है। वहीं बहरना से बालसन तक भी लंबा जाम लगा है। सोबतिया मार्ग से दरभंगा चौराहे तक भीषण जाम लगा है। प्रयागराज के नैनी नया पुल और पुराना पुल पर तीन किमी लंबा दोनों तरफ यानी आने और जाने वाला रास्ता ब्लॉक है। वहीं झूंसी के शास्त्री ब्रिज पर अलोपीबाग चौराहे से लेकर अंदावा मोड़ तक गाड़ियां फंसी हैं। जबकि फाफामऊ पुल पर तेलियरगंज से लेकर प्रतापगढ़ और लखनऊ रोड पर कई किमी तक रास्ते में लोग फंसे हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल करने के हरसंभव प्रयास-आईजी जोन प्रयागराज
आईजी जोन प्रयागराज प्रेम गौतम, एसपी, एएसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं और ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल करने के प्रयास कर रहे हैं। प्रेम गौतम ने कहा – हम सुबह से ही ट्रैफिक सुचारू करने में लगे हुए हैं. संगम के पास वाली पार्किंग तक श्रद्धालु आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से मुख्य मार्गों पर भीड़ न बढ़ाएं और प्रशासन द्वारा सुझाए गए मार्गों का ही उपयोग करें. इसके अलावा, वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे धैर्य बनाए रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो.
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.











Users Today : 8
Views Today : 8