विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Manmohan Singh: दिल्ली में निगमबोध घाट पर होगा पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार, राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी विदाई

भारत के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। 92 साल के मनमोहन सिंह को कल शाम तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार ने निर्णय लिया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार 28 दिसंबर, 2024 को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर निगमबोध घाट, नयी दिल्ली में होगा।’’ इसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय से मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ करने के लिए प्रबंध किए जाने का अनुरोध किया गया है।

सुबह 8 बजे कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा पार्थिव शरीर

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार 28 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे दिल्ली स्थित AICC (ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी) मुख्यालय से निगमबोध घाट के लिए रवाना होगी। यह जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी। उन्होंने बताया- शनिवार सुबह 8 बजे डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से AICC मुख्यालय लाया जाएगा, जहां सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। इससे पहले शुक्रवार शाम को कांग्रेस मुख्यालय पर CWC की बैठक हुई, इसमें पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।

मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की समाधि की मांग की

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की समाधि की मांग की है। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी और गृह मंत्री से बात की है। कांग्रेस पार्टी ने जानकारी देते हुए लिखा, “आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी ने प्रधानमंत्री जी और गृह मंत्री से फ़ोन पर बात करके व एक पत्र लिख कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से पुरज़ोर अनुरोध किया कि भारत के सपूत सरदार मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार व स्मारक स्थापित करना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक में डूबा पूरा देश

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि दी। वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी भी मनमोहन सिंह के आवास पर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी गई और शोक प्रस्ताव पारित किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश भर में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि के दौरान, भारत में उन सभी स्थानों पर जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है वहां तिरंगा आधा झुका रहेगा और राष्ट्रीय शोक की अवधि के दौरान आधिकारिक रूप से कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे।

 

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस