प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों फ्रांस यात्रा पर हैं। जहां उनके साथ राजधानी पेरिस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक्शन समिट में दुनियाभर के नेता और टेक दिग्गज शामिल हुए थे। मंगलवार को पेरिस में उन्होंने राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों के साथ एआई एक्शन समिट की सह अध्यक्षता की। इसके बाद उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी भारतीय मूल की पत्नी उषा से मुलाकात की। वहीं, पीएम मोदी 14वें भारत-फ्रांस सीईओ फोरम को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पेरिस सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए भारत और फ्रांस के रिश्तों को और मजबूत करने की बात की। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस सिर्फ लोकतांत्रिक मूल्यों से ही नहीं जुड़े हैं, बल्कि हमारी दोस्ती की नींव गहरे विश्वास, नवाचार और जन कल्याण की भावना पर आधारित है।
भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है-PM मोदी
आगे बोलते हुए पीएम मोदी ने अपनी पिछली फ्रांस यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि मेरी पिछली यात्रा के दौरान हमने अपनी साझेदारी के लिए 2047 रोडमैप बनाया था। उस पर चलते हुए हम हर क्षेत्र में सहयोग को व्यापक तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14वें भारत-फ्रांस सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में बीते एक दशक में जो बदलाव हुए हैं, उससे आप भली-भांति परिचित हैं। हमने स्थिर और पूर्वानुमानित नीति का एक इको-सिस्टम स्थापित किया है। सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मार्ग पर चलते हुए आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है।
2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा का लक्ष्य-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इस अवसर पर भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया और कहा, “आप सिर्फ बोर्डरूम कनेक्शन बनाने से परे, भारत और फ्रांस के बीच गहरी और सक्रिय साझेदारी को बढ़ावा दे रहे हैं। वैश्विक मंच पर हमारी पहचान यह है कि आज भारत तेजी से एक पसंदीदा वैश्विक निवेश गंतव्य बन रहा है। हम 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। इस क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए भी खोल दिया गया है। हम एसएमआर और एएमआर प्रौद्योगिकियों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पेरिस में एआई एक्शन शिखर सम्मेलन से इतर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, उनकी भारतीय मूल की पत्नी ऊषा और बेटों से मुलाकात की। पीएम मोदी जेडी वेंस के बेटे विवेक के बर्थडे में शामिल हुए थे और उन्हें गिफ्ट भी दिए. उन्होंने जेडी वेंस की फैमिली के साथ फोटो भी शेयर की हैं, जिसमें वह वेंस की पत्नी ऊषा और उनके बेटे इवान और विवेक के साथ खड़े हैं। प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात के दौरान ली गई कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की हैं। पीएम मोदी ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, “अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनके परिवार के साथ एक शानदार मुलाकात हुई। हमने विभिन्न विषयों पर बहुत अच्छी बातचीत की। उनके बेटे विवेक के बर्थडे की पार्टी में शामिल होकर बहुत खुशी हुई।”
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 7
Views Today : 7