विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Priyanka Gandhi Oath: केरल की साड़ी, हाथ में संविधान की कॉपी, कुछ इस अंदाज में प्रियंका गांधी ने ली शपथ

केरल की वायनाड सीट से लोकसभा का उपचुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुची प्रियंका गांधी ने आज लोकसभा में पद और गोपनीयता की शपथ ली। जब सुबह वो अपने घर से निकली तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाकर स्‍वागत किया। इस दौरान प्रियंका गांधी केरल की ट्रेड्रिशनल कासव साड़ी पहने नजर आई।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनका नाम पुकारा जिसके बाद उन्होंने शपथ लीं। शपथ ग्रहण के दौरान प्रियंका ने हाथ में संविधान की कॉपी ले रखा था और वह उसे हवा में दिखा रही थीं। उन्होंने हिंदी भाषा में शपथ ली। प्रियंका के साथ नांदेड़ से उपचुनाव जीतने वाले रविंद्र चव्हाण ने भी शपथ ली।

पहली बार संसद पहुंचीं हैं प्रियंका गांधी

दरअसल प्रियंका गांधी पहली बार संसद पहुंचीं हैं। इस अवसर पर प्रियंका का पूरा परिवार भी सदन में मौजूद रहा। मां सोनिया गांधी और भाई राहुल के अलावा पति रॉबर्ट, उनके बेटे रेहान वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा भी संसद भवन में मौजूद थे। प्रियंका संसद भवन अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ पहुंचीं। शपथ ग्रहण करने के बाद प्रियंका ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया। फिर प्रियंका ने विपक्ष में पहली पंक्ति में बैठे नेताओं की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन किया। सदन में नेता प्रतिपक्ष और उनके भाई राहुल गांधी ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। शपथ लेने के बाद प्रियंका विपक्षी सांसदों के लिए बने आसन की चौथी पंक्ति में गईं और वहां पर बैठ गईं।

वर्तमान नेहरू-गांधी परिवार की तीसरी संसद सदस्य हैं प्रियंका

प्रियंका, नेहरू-गांधी परिवार की तीसरी सदस्य हैं जो वर्तमान संसद का हिस्सा बनी हैं। यह पहली बार हुआ है कि कांग्रेस पार्टी से जुड़े गांधी परिवार के 3 सदस्य एक साथ संसद के सदस्य होंगे। उनकी मां सोनिया गांधी राज्यसभा सांसद हैं तो भाई राहुल यूपी की रायबरेली के लोकसभा सांसद। राहुल के पास लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद भी है। प्रियंका गांधी पहली बार चुनाव मैदान में उतरी थीं। अपने पहले ही चुनाव में प्रियंका ने चार लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिक की है। इससे पहले वह 2019 के लोकसभा चुनाव में सक्रिय राजनीति में उतरी थीं और उसके बाद से पार्टी महासचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।

बता दें केरल के वायनाड लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी की जीत के बाद लोकसभा में दोबारा कांग्रेस के 99 सांसद हो गए हैं। वायनाड सीट राहुल गांधी ने छोड़ी थी, जबकि नांदेड़ सीट कांग्रेस सांसद बसंतराव चव्हाण के निधन के चलते खाली हुई थी। इन पर हाल ही में उपचुनाव हुए हैं और दोनों ही सीटें कांग्रेस के पास वापस आ गई हैं।

 

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस