विज्ञापन के लिए संपर्क करें

Pune Accident Case: पोर्श कांड में सामने आए चौंकाने वाले खुलासे, पुलिस का एक्शन,अबतक पिता सहित 5 गिरफ्तार

सरकार सड़क सुरक्षा और सड़क पर होने वाले दुर्घटनों को लेकर गंभीर है, कई कड़े कानून बनाएं लेकिन ये सारे कानून सिर्फ किताबों में हैं। पुणे में एक नाबालिग के शराब पीकर अंधाधुंध गाड़ी चलाने और दो लोगों को टक्कर मार कर मौत के घाट उतार देने की घटना इसका ताजा उदाहरण है। इस घटना से सड़क हादसों पर लगाम न लग पाने की कई परतें खुलती हैं। महाराष्ट्र के पुणे में एक रईस नाबालिग अपने दोस्तों संग पार्टी करता है। शराब के नशे में पिता की करोड़ों की पोर्श कार से निकलता है और एक बाइक को टक्कर मार देता है। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवा इंजीनियर की मौत हो जाती है। आरोपी को 15 घंटे के भीतर ही जमानत भी मिल जाती है। जमानत की शर्त भी ऐसी कि नया मोटर व्हीकल एक्ट सवालों के घेरे में आ गया है। विचित्र है कि ऐसी घटनाओं को लेकर खुद पुलिस और अदालतें तक गंभीर नजर नहीं आतीं। अब इस मामले में लगातार नए-नए खुलासे होते जा रहे हैं, जो बेहद चौंकाने वाले हैं।

200 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था 

हादसे के समय नाबालिग शराब के नशे में धुत था और 200 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अपने पिता की पोर्श कार चला रहा था। इस हादसे में मध्य प्रदेश के रहने वाले दो युवा इंजीनियर अनीश और अश्विनी की मौत हो गई। ये कार पुणे के एक अमीर बिल्डर का 17 साल आठ महीने का नाबालिग बेटा चला रहा था। हादसे के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

बिल्डर का बेटा है शराब पीकर गाड़ी चलाने वाला युवक

लड़का पुणे के एक प्रमुख बिल्डर का बेटा है। बोर्ड ने जमानत की शर्तों के तहत लड़के से एक व्यक्तिगत बांड भरने, सड़क सुरक्षा पर 300 शब्दों का निबंध लिखने के अलावा, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय का दौरा करके सभी रूल्स और रेगुलेशंस का अध्ययन करके एक प्रजेंटेशन देने के लिए कहा था।

आरोपी का भाई भी तेज रफ्तार कार चलाकर एक्सीडेंट कर चुका है

आरोपी के परिवार के बारे में भी कई बातें सामने आई है। करोड़ों रुपये की स्पोर्ट्स कार से दो युवाओं को कुचलने वाला कोई आम बिल्डर का बेटा नहीं है, बल्कि शहर में पांच सितारा होटल जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स का निर्माण करने वाली कंपनी के मालिक का रईसजादा बेटा है। बताया जा रहा है कि आरोपी का बड़ा बेटा भी तेज रफ्तार कार चलाकर एक्सीडेंट कर चुका है। विशाल अग्रवाल के बड़े बेटे ने वडगांव शेरी इलाके में ब्रह्मा मल्टी स्पेस बिल्डिंग के सामने तेज रफ्तार से गाड़ी चलाकर सड़क पर दूसरे वाहन और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचाया था।

बिना रजिस्ट्रेशन के सड़क पर दौड़ रही थी पोर्श कार

नाबालिग ने अपने पिता की जिस पोर्श कार से बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मारी, वह बिना रजिस्ट्रेशन के सड़क पर दौड़ रही थी। यह चौंकाने वाली जानकारी आरटीओ से सामने आई। कार को अस्थायी रूप से बंगलूरू में पंजीकृत किया गया था और पुणे लाया गया था।

पुलिस का लेट एक्शन, पिता सहित 5 गिरफ्तार

सोशल मीडिया से लेकर मीडिया में मामले के तूल पकड़ने के बाद दबाव में आई महाराष्ट्र सरकार ने अब पुलिस को एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। पुणे पुलिस ने अब तक आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एफआईआर के मुताबिक, नाबालिग के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। यह जानने के बावजूद उसके पिता ने उसे लग्जरी कार चलाने दे दी। बिल्डर को यह भी पता था कि उसका बेटा शराब पीता है, फिर भी उसे पार्टी में शामिल होने की इजाजत दी। पुलिस ने जिन अन्य चार लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें पुणे के कोजी रेस्टोरेंट के मालिक का बेटा नमन प्रह्लाद भूतड़ा, उसका मैनेजर सचिन काटकर, ब्लैक क्लब होटल के मैनेजर संदीप सांगले और उसका स्टाफ जयेश बोनकर शामिल हैं। इन पर नाबालिग आरोपी को शराब परोसने का आरोप है।

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस