विज्ञापन के लिए संपर्क करें

RIP Ratan Tata: तिरंगे में लपेटकर नरीमन पॉइंट लाया गया पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन को उमड़े लोग

भारत के सबसे बड़े परोपकारी और प्रतिष्ठित उद्योगपति रतन नवल टाटा के निधन से पूरा देश शोक में डूब गया है। उनका निधन बुधवार, 9 अक्टूबर 2024 की रात करीब 11 बजे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ। यहां उन्हें कुछ दिन पहले उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से भर्ती कराया गया था। बुधवार रात ही उनके पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स हॉल में रखा जाएगा। यहां गुरुवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। शाम को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पारसी रीति रिवाज से होगा अंतिम संस्कार

रतन टाटा के पार्थिव शरीर को वर्ली के पारसी श्मशान भूमि लाया जाएगा। सबसे पहले पार्थिव शरीर को प्रेयर हॉल में रखा जाएगा. हॉल में करीब 200 लोग मौजूद रह सकते हैं। प्रार्थना लगभग 45 मिनट तक होगी। प्रार्थना हॉल में पारसी रीति से ‘गेह-सारनू’ पढ़ा जाएगा। प्रेयर प्रक्रिया पूरा होने के बाद पार्थिव शरीर को इलेक्ट्रिक अग्निदाह में रखा जाएगा और इस तरह अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होगी।

रतन टाटा के निधन से देशभर में छाई मायूसी

अपने कार्यकाल के दौरान, रतन टाटा ने टाटा ग्रुप को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और इसे वैश्विक व्यापार क्षेत्र में एक शक्तिशाली कंपनी के रूप में स्थापित किया। समाज के लिए टाटा का योगदान, विशेष रूप से खेल जगत में उल्लेखनीय रहा है। रतन टाटा के निधम के बाद से विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं, और खेल जगत भी गमगीन है। रतन टाटा के निधन से देशभर में मायूसी छाई हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी कारोबारी नेता और असाधारण इंसान बताया. मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘‘श्री रतन टाटा जी का सबसे अनूठा पहलू बड़े सपने देखना और दूसरों को कुछ देने के प्रति उनका जुनून था. वह शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहे थे.’’

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें देश का महान सपूत बताया। वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने रतन टाटा के निधन पर कहा कि उद्योग जगत के अनमोल रत्न रतन टाटा के निधन की खबर से दुखी हूं। बिजनेस और सामाजिक कार्यों में उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत के बाहर भी बहुत प्रभावकारी और प्रेरणादायक रहा है, इससे बहुत लोगों को प्रेरणा मिली।

 

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस