बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद पर एक और बड़ा एक्शन लेते हुए सिर्फ सभी पदों से ही नहीं हटाया है बल्कि पार्टी से ही बाहर कर दिया है। मायावती ने भतीजे को एक्स पर एक के बाद एक पोस्ट लिखकर खूब सुनाया। मायावती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बताया कि आकाश अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में आकर पार्टी हित से ज्यादा व्यक्तिगत मामलों में उलझ गए थे। यही वजह रही कि उन्हें पार्टी से बाहर करना पड़ा। उन्होंने साफ किया कि बसपा में अनुशासन सबसे अहम है, और बाबा साहेब अंबेडकर व कांशीराम के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ससुर के प्रभाव में रहने से पार्टी से निकाले गए आकाश
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक तीन पोस्ट किए और उसमें लिखा,
“बीएसपी की आल-इण्डिया की बैठक में कल श्री आकाश आनन्द को पार्टी हित से अधिक पार्टी से निष्कासित अपने ससुर श्री अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में लगातार बने रहने के कारण नेशनल कोआर्डिनेटर सहित सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था, जिसका उसे पश्चताप करके अपनी परिपक्वता दिखानी थी। लेकिन इसके विपरीत श्री आकाश ने जो अपनी लम्बी-चौड़ी प्रतिक्रिया दी है वह उसके पछतावे व राजनीतिक मैच्युरिटी का नहीं बल्कि उसके ससुर के ही प्रभाव वाला ज्यादातर स्वार्थी, अहंकारी व गैर-मिशनरी है, जिससे बचने की सलाह मैं पार्टी के ऐसे सभी लोगों को देने के साथ दण्डित भी करती रही हूँ।अतः परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान मूवमेन्ट के हित में तथा मान्यवर श्री कांशीराम जी की अनुशासन की परम्परा को निभाते हुए श्री आकाश आनन्द को, उनके ससुर की तरह, पार्टी व मूवमेन्ट के हित, में पार्टी से निष्कासित किया जाता है।”
मायावती के फैसले पर आकाश ने भी दी प्रतिक्रिया
मायावती द्वारा पार्टी से निकाले जाने के बाद आकाश आनंद ने मायावती के फैसले का पूरी तरह सम्मान करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे मायावती को अपना नेता मानते हैं और उनके फैसले को पत्थर की लकीर की तरह स्वीकार करते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत भावुक करने वाला पल है और अब उन्हें एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। आकाश ने पोस्ट में आगे लिखा कि वे हमेशा बहुजन समाज के लिए संघर्ष करते रहेंगे और पार्टी के मिशन को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. उनके इस बयान से यह संकेत मिला कि भले ही वे फिलहाल पार्टी से बाहर हो गए हों, लेकिन राजनीति में उनका सफर खत्म नहीं हुआ है।
BSP के गिरते प्रदर्शन के बीच पार्टी ने लिए बड़े फैसले
इससे पहले मायावती ने उन्हें नेशनल कॉर्डिनेट समेत सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था और कहा था कि अब उनके जीते – जी कोई भी उत्तराधिकारी नहीं होगा. अब आकाश को बीएसपी से ही बाहर निकाल दिया गया है। अब सोमवार को मायावती ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि आकाश आनंद को पूरी तरह पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है उन्होंने अपने सहयोगियों को सीधा संदेश दिया कि वह जीवित रहने तक पार्टी संभालती रहेंगी। हालांकि मायावती के इस फैसले से बीएसपी के भविष्य को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। लोकसभा चुनाव हों या विधानसभा, बसपा का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है। यहां तक कि पार्टी राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए संघर्ष कर रही है।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.











Users Today : 8
Views Today : 8